झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में नरिया बाजार में बुधवार तड़के एक शोरूम व मकान में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार के 7 लोगों को सकुशल बचा लिया गया। हादसे के समय सभी कपड़े के शोरूम के ऊपर बने मकान में सो रहे थे। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
नरिया बाजार में बुधवार तड़के करीब 4 बजे दुकान व मकान में भीषण आग लग गई| करीब 4-5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बिल्डिंग में 9 लोग फंसे हुए थे जिसमें से 7 लोगों को सकुशल बचा लिया गया है| 2 लोगों की मौत हो गई है|
झांसी के SSP शिवहरी मीणा ने बताया,''आज सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र में एक शोरूम में आग की सूचना मिली जिसमें तत्काल पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। बिल्डिंग में 9 लोग फंसे हुए थे जिसमें से 7 लोगों को सकुशल बचा लिया गया है|
SSP ने बताया,''2 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फायर सर्विस का एक जवान भी घायल हुआ है। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। शेष विधिक प्रकिया को पुलिस संपन्न करवा रही है|
जानकारी के अनुसार, नरिया बाजार में पूनम साड़ी भण्डार के नाम से अजय अग्रवाल की दुकान है। तीन मंजिला बिल्डिंग में अजय के माता-पिता व भाई का परिवार रहता है। सुबह करीब 4 बजे नीचे दुकान में आग लग गई और देखते ही देखते ऊपरी हिस्से में फैल गई। जब तक घर वालों की आंख खुली तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया।
आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग ने सात लोगों को रेस्क्यू कर बचा लिया। जबकि श्रीराम अग्रवाल (70) व उनकी पत्नी शांति देवी (68) की मौत हो गई। वही, बचाव कार्य में लगे फायरमैन हरनारायण सिंह, फायरमैन निखिल यादव, लीडिंग फायरमैन विनोद मिश्रा, लीडिंग फायरमैन हरिप्रसाद घायल हो गए। उनको एसएसपी ने अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।
अजय अग्रवाल (45), संजय अग्रवाल (43) पुत्र श्रीराम अग्रवाल, ममता अग्रवाल (40) पत्नी अजय अग्रवाल, राघव अग्रवाल (12) पुत्र अजय अग्रवाल, राधिका (18) पुत्री अजय अग्रवाल, सुधी अग्रवाल (39) पत्नी संजय अग्रवाल, माधव अग्रवाल (15) पुत्र संजय अग्रवाल को सकुशल बचा लिया गया है|