झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझनूं जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया| झुंझुनूं जिले के गुढ़ा इलाके में एक पिकअप और ट्रक की भिड़ंत होने से भयानक सड़क हादसा हो गया| इस भीषण हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 से ज्यादा लोगों के घायल होने की भी खबर है| सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घायलों को बीडीके अस्पताल झुंझुनूं में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के अनुसार गुढ़ागौडज़ी कस्बे से बाहर की तरफ स्टेट हाइवे 37 पर सवारियों से भरी पिकअप ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप में सवार आठ जनों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन ने राजकीय बीडीके अस्पताल झुंझुनूं में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के समय पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे।
छाबा पुलिस उपाधीक्षक शंकरलाल ने कहा,'मौके पर 8 लोगों की मृत्यु हुई थी, उसके अलावा झुंझुनूं BDK अस्पताल में एक की उपचार के दौरान मृत्यु हुई। 2 लोगों को जयपुर रेफर किया था, जहां रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। अब तक मृतकों की कुल संख्या 11 हो गई है|
छाबा पुलिस उपाधीक्षक शंकरलाल ने कहा, “पिकअप में 20-22 लोग सवार थे और घर जा रहे थे तब यह दुर्घटना हुई। सूचना के मुताबिक 8 लोगों की मौके पर मृत्यु हुई और 3 की उपचार के वक्त हुई।”
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर इस हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा है, 'झुंझुनू के गुढा गौड़जी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 8 लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।'
इन 10 की मौत हुई
इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सुमेर (50) पुत्र गिरधारीलाल यादव, कैलाश (35) पुत्र गिरधरीलाल, भंवरलाल (35) पुत्र रिछपाल यादव, राजबाला (35) पत्नी सुमेर यादव, अर्पित (15) पुत्र शिवकरण यादव, मनोहर (50) पुत्र प्रभातराम, नरेश (16) पुत्र श्रवण कुमार यादव तथा कर्मवीर (20) पुत्र सुमेर, बलबीर (40) पुत्र रमेश, सावित्री (45) पत्नी श्रवण की मौत हो गई।
चार गंभीर घायलों को जयपुर रैफर किया गया
गंभीर घायलों को झुंझुनूं से जयपुर रैफर किया गया है। इनमें राहुल पुत्र सुमेर, सावित्री (45) पत्नी श्रवण कुमार, विमला तथा उषा पत्नी रामजीलाल को गंभीर हालत में जयपुर रैफर किया गया था। सावित्री (45) पत्नी श्रवण कुमार की मौत हो गई।