जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में सोमवार रात झंडे और लाउडस्पीकर लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी हुई। मंगलवार सुबह फिर जालोरी गेट इलाके में एक समुदाय के लोग दोबारा जुटे और फिर से उपद्रव फैलाने की कोशिश की। इलाके में पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं भी हुई है। जानकारी के मुताबिक 4-5 जगहों पर पथराव किया गया है| हिंसा की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग किया है| जबकि अफवाह फैलाने से रोकने के लिए जोधपुर में इंटरनेट सेवाएं पहले ही बंद कर दी गईं हैं| मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राजस्थान के जोधपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। जोधपुर में हुई झड़प के सिलसिले में राजस्थान पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा।
पुलिस आयुक्त ने बताया,''जोधपुर आयुक्तालय के ज़िला पूर्व के थाना क्षेत्र उदयमंदिर, सदरकोतवाली, सदरबाजार, नागोरी गेट, खाण्डाफलसा एवं ज़िला पश्चिम के थाना क्षेत्र प्रतापनगर, प्रतापनगर सदर, देवनगर, सूरसागर, सरदारपुरा में आज दोपहर 1 बजे से कल मध्यरात्रि 12 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है|
जानकारी के मुताबिक जोधपुर में सोमवार शाम ईद से पहले जालौरी गेट इलाके में झंडा फहराने को लेकर विवाद हो गया| इसके बाद दो समुदायों के बीच झड़प हो गई| झड़प के कारण जोधपुर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई और पुलिस सुरक्षा में ईद की नमाज अदा की गईमंगलवार तड़के पथराव में कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हो गए| पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने एजेंसी को बताया, "पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए| स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया| मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की|
जोधपुर पुलिस कमिश्नर नवज्योति गोगोई ने बताया,''स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और हम लोग फ्लैग मार्च के लिए भी निकल रहे हैं। हम लोग क़ानून के तहत कार्रवाई करेंगे। कोई भी पुलिसकर्मी गंभीर तौर पर घायल नहीं हुए हैं। हम अपनी तरफ से कार्रवाई करेंगे। धारा 144 पहले से ही लागू है|
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "जालौरी गेट, जोधपुर पर दो गुटों में झड़प से तनाव पैदा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को हर कीमत पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।जोधपुर, मारवाड़ की प्रेम एवं भाईचारे की परंपरा का सम्मान करते हुए मैं सभी पक्षों से मार्मिक अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।
जोधपुर घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा'''जोधपुर में जो कल रात से तनाव पैदा हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। राजस्थान की परंपरा सभी समाज और धर्मों के लोगों के साथ प्रेम और भाईचारे के साथ रहने की रही है। मैं लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं|
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा',''असामाजिक तत्वों से सख़्ती के साथ निपटा जाएगा। मैंने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मैं राजनीतिक पार्टी के नेताओं से अपील करता हूं वह भी शांति की अपील करें|
जोधपुर झड़प पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा,''ये एक सनकी साजिश है जिससे देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है। जो लोग सरकार में हैं चाहे फिर वे राजस्थान में हों या कहीं और उनके लिए सेक्युलरिज्म सियासी वोटों का सौदा बन गया है। गुनहगारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए|
राजस्थान में घटनाओं को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा,''राजस्थान की सरकार मुस्लिम तुष्टीकरण को बढ़ावा देती है जिस वजह से कुछ असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते हैं। करौली की घटना माफ करने लायक नहीं है। राष्ट्र पहले स्थान पर होना चाहिए और पार्टी दूसरे स्थान पर|
जोधपुर झड़प प केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा,'' राजस्थान में कांग्रेस सरकार तुष्टीकरण की नीति पर चल रही है। करौली की घटना उसी का परिणाम है, अलवर के राजगढ़ में मंदिर तोड़ने की घटना भी उसी का परिणाम है, जोधपुर में कल जो घटना हुई वो भी उसी का परिणाम है।तुष्टीकरण के कारण कानून व्यवस्था बिगड़ती है| अशोक गहलोत खुद जोधपुर से आते हैं, गृह मंत्री भी हैं और मुख्यमंत्री भी हैं उन्हें ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए... उन्होंने(अशोक गहलोत) तय कर रखा है कि हमारा वोट बैंक पक्का करके रखना है इसलिए देखते नहीं हैं कि न्याय हो रहा है या अन्याय हो रहा है|