कन्नौज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज यानी सोमवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का दौरा किया।दरअसल,''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन करने के महज 5 दिन बाद पहली बारिश में एक्सप्रेस-वे की सड़क कई जगह पर धंस गई। सड़क में करीब 2-3 फुट गहरा गड्ढा हो गया है।
इसके बाद से ही अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर लगातार हमलावर है| सोमवार को (25 जुलाई, 2022 को) अखिलेश यादव ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का दौरा किया।
उन्होंने कहा, "तीन किलोमीटर के रास्ते में दो- दो पुलों का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। काम अभी भी चल रहा है, लाइट आधी अधूरी है।"
- "आधा अधूरा उद्घाटन क्यों किया गया, एक साल बाद भी हो सकता था।"
- "अगर यहां पर मंडी होती तो हमारे किसानों को फसल की कीमत मिल जाती।"
अखिलेश यादव ने एक ट्वीट में कहा,"बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का पहले उद्घाटन हुआ और अब उसके तथाकथित रूप से पूर्ण होने का रहस्योद्घाटन हो रहा है। यही है भाजपाई काम, हर काम का काम-तमाम! , उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार से आग्रह है कि जनता का जीवन ख़तरे में न डाले।
इससे पहले 24 जुलाई, 2022 को एक दुर्घटना का शिकर हुए युवक का वीडियो ट्वीट कर अखिलेश ने कहा,''बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की ख़ामियों और ख़राबियों का ख़ामियाज़ा जनता क्यों भुगते। जनता टैक्स का पैसा भी दे और इलाज का भी। भाजपा सरकार ने जितनी जल्दबाज़ी उद्घाटन में दिखाई थी उससे भी जल्दी ये एक्सप्रेस-वे जगह-जगह उखड़ गया है। इसको बनवानेवालों और बनानेवालों पर बुलडोज़र कब चलेगा?
युवक का वीडियो शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी ने लिखा ,';भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार जनता के लिए जानलेवा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खराब सड़क के कारण हुई दुर्घटना, युवक घायल। प्रचारजीवी सरकार ने जानबूझ कर अधूरे एक्सप्रेसवे का किया लोकार्पण,जनता के साथ खिलवाड़। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हो रही दुर्घटनाओं में पीड़ितों को मुआवज़ा दे सरकार।