कानपुर (उत्तर प्रदेश): कानपुर के बांसमंडी इलाके के एआर टावर में देर रात 1.30 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 6 कॉम्प्लेक्स की करीब 800 दुकानें पूरी तरह से जलकर राख हो गईं। आग लगने की जानकारी मिलते ही पूरा प्रशासन हरकत में आ गया। कानपुर, उन्नाव और लखनऊ समेत कई जिलों की 50 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं।
उ.प्र. अग्निशमन सेवा के उप निदेशक अजय कुमार ने कहा कि,''रात 1:30 बजे के आस-पास आग लगी थी। यहां मार्केट है, जहां कपड़े का सामान भरा हुआ है। फायर ब्रिगेड ने बहुत अच्छा काम किया है। आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
ज़िलाधिकारी कानपुर नगर विशाख जी. अय्यर ने कहा कि,'.आग पर काबू पाने में काफी हद तक सफलता मिली है। अभी भी धुआं निकल रहा है। उसको नियंत्रित करने के लिए योजना बनाई गई है। हमारे पास पर्याप्त संसाधन हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि,'आज कानपुर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत दुःखद है। फायर बिग्रेड टीमों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज व प्रभावितों के हर संभव सहयोग हेतु निर्देशित किया है। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
अखिलेश यादव ने कहा कि,"कानपुर कपड़ा मंडी में लगी आग, पहले से ही नोटबंदी, जीएसटी के छापों व मंदी की मार झेल रहे व्यापारियों के लिए आर्थिक व मानसिक रूप से एक और गहरी मार है। उप्र भाजपा सरकार व्यापारियों को हुई हानि का तत्काल आंकलन कर सच्चे मुआवज़े की तुरंत घोषणा करे। दमकल की क्षमता का भी आंकलन हो।