कानपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने पर क्राइम ब्रांच कांस्टेबल को निलंबित किया गया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वरिष्ठ महिला IAS अधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल अजय गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है।
कानपुर के पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड ने बताया,''सोशल मीडिया, खासकर ट्विटर पर अपने दायरे से हट कर कुछ ट्वीट डाले गए थे। जिसके संबंध में ये कार्रवाई की गई है|
जानकारी के मुताबिक कानपुर क्राइम ब्रांच में तैनात कांस्टेबल अजय गुप्ता ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री और एक महिला आईएएस अधिकारी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी| उनके ट्वीट और जवाबों के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लिया और जांच के आदेश दिए।
अजय गुप्ता लंबे समय से कमिश्नरेट कानपुर की क्राइम ब्रांच में तैनात थे। उल्लेखनीय है कि पुलिस पदकों की घोषणा 14 अगस्त को की गई थी। अजय गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस पर कमिश्नरेट के चार सिपाहियों अनिल कुमार, रोहित, राजीव और हरिओम को सिल्वर मेडल दिए जाने का भी विरोध किया था।
अजय गुप्ता ने कमिश्नरेट के अधिकारियों से लेकर डीजीपी तक मेडल लिस्ट को लेकर सवाल उठाए थे। उस पर कमिश्नरेट पुलिस ने भी अपना जवाब दिया। इस बीच उनके कुछ पुराने ट्वीट भी सामने आए हैं।
जवाब में उन्होंने पीएम और एक महिला आईएएस अधिकारी पर अपमानजनक टिप्पणी की. इसी तरह के और भी कई ट्वीट उनके अकाउंट से किए गए। उसके बाद ट्वीट के वायरल होने की खबर सामने आई, जिसके बाद अजय ने अपना अकाउंट डिलीट कर दिया।