कानपुर: देशभर में नींबू की कीमतों में उछाल आने से हाहाकार मचा हुआ है| नींबू के भाव ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं| हालत ये कि नींबू के लुटेरे भी पैदा हो गए हैं| कानपुर में नींबू की रखवाली के लिए लठैतों को लगा दिया गया है| नींबू की महंगाई के चलते लुटेरों ने नींबू के खेतों में उत्पात मचा रखा है| कानपुर के बिठूर के नीबू के बागों में लुटेरों की दहशत दिख रही है| कानपुर की गंगा कटरी में बसे बिठूर में नींबू के किसान लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर रखवाली कर रहे हैं।
कानपुर में बसे बिठूर में नींबू के किसान लाठी-डंडा लेकर रखवाली कर रहे हैं।एक किसान ने बताया,“कीड़े लगने से नींबू की फसल खराब हुई है।थोड़े नींबू जो बचे हैं उसकी रात-दिन नज़र रखनी पड़ रही है क्योंकि चोरी होने का डर है। नींबू 250-300 रुपय किलो चल रहा है।”
रात-दिन नींबू के बाग में लठैत पहरा दे रहे | चौबेपुर, बिठूर, कटरी, मंधना, परियर में करीब 2000 बीघा जमीन पर नींबू के बगीचे हैं| यह पहली बार है कि नींबू के बगीचों में रखवाली हो रही है| कभी आम रहा नींबू अब खास हो गया है।आज ये इतना बेशकीमती हो गया है कि इसके आगे महंगे से महंगे फल भी बौने नजर आने लगे हैं| अपनी आसमान छूती कीमत से ये नींबू लोगों के दांत तो खट्टे कर ही रहा है| जगह जगह अब इस नींबू की लूट भी मच गई है|
कानपुर में लुटेरों ने लूटे 15 हजार नींबू
कानपुर में लुटेरों ने 15 हजार नींबू लूट लिए| जिसके बाद नींबू के बागों में दहशत है| लोगों को चिंता सता रही है| नींबू के लुटने से बचाने के लिए बाग में लठैत पहरा दे रहे हैं| दिन रात इस तरह निगरानी की जा रही है, मानो सोने चांदी से भरे किसी तिजोरी की होती है|
बाग मालिक घर बार छोड़ बाग में ही डेरा डाले हुए हैं| लगभग यही नजारा हर नींबू के बगीचों का है| एक एक नींबू का रिकॉर्ड रखा जा रहा है| बगीचा मालिक नींबू लूट की FIR तक लिखा रहे हैं| ये पहली बार है जब नींबू को लूटा जा रहा है| लोगों को नींबू के लुटने से बचाने के लिए इतनी मशक्कत करनी पड़ रही है| पुलिस भी नींबू की रखवाली के लिए तैनात हो रही है| कानपुर में नींबू चोरी का पहला मामला दर्ज किया गया है।
रखवाली पर रोजाना 22 हजार 500 रुपए का खर्च
नींबू की देखभाल के लिए किसानों ने लठैत तैनात कर दिए हैं। रोजाना बाग की रखवाली 50 लठैत कर रहे हैं। इन पर 450 रुपए के हिसाब से रोजाना 22 हजार 500 रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
रात-रात भर दे रहे पहरा
बिठूर कटरी में नींबू उगाने वाले राम नरेश, चिरंजू, चौभी निषाद, जगरूप, जारी पोखर-बगीचा के केयर टेकर राजेंद्र पाल ने बताया कि नींबू के रेट बढ़ने के बाद चोरी-छिपे नींबू तोड़ने वालों की संख्या बढ़ गई है। अब नींबू की रखवाली के लिए रात-रात भर जागना पड़ता है। वहीं कई बड़े बागों पर लठैत तक रखे गए हैं, जो लगातार रखवाली कर रहे हैं।
2 हजार बीघा में होती है पैदावार
कानपुर के चौबेपुर, बिठूर कटरी, मंधना, परियर में करीब 2 हजार बीघा जमीन पर नींबू के बगीचे हैं। यह पहली बार है कि नींबू के बगीचों में रखवाली हो रही है। कानपुर में नींबू के रेट की बात करें, तो 15 रुपए में एक नींबू बिक रहे हैं। वहीं, थोक में 300 रुपए किलो तक नींबू बिक रहे हैं।
3 और जिलों में हो चुकी है नींबू की चोरी
इससे पहले शाहजहांपुर,बरेली और इटावा में नींबू चोरी के मामले सामने आए थे। बरेली की डेलापीर मंडी से चोरों ने बीते रविवार की रात 50 किलो नींबू चोरी कर लिए थे। वहीं शाहजहांपुर में बजरिया सब्जी मंडी से 60 किलो नींबू चुराया गया था। साथ में चोर 40 किलो प्याज और 38 किलो लहसुन भी ले गया था।
शाहजहांपुर के बाद इटावा के जसंवतनगर के एक बाग से नींबू की बड़े पैमाने पर चोरी की घटना ने हर किसी को चौंका दिया है| नींबू चोरी की यह घटना इटावा जिले के जसवंतनगर इलाके के श्यामनगर के एक बाग में घटी है| चोरी की इस वारदात को लेकर बाग मालिक तरुण मिश्रा की ओर से कहा गया कि उनके बाग से किसी चोर ने बड़े पैमाने पर नींबू की चोरी कर ली| उनका कहना है कि चोरों ने करीब 70 किलो नींबू पर हाथ साफ़ किया है|
बाग मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर नींबू चोरों का पता लगाने की गुहार लगाई है| बाग मालिक तरूण मिश्रा ने बताया कि उनके घर के पिछवाड़े बड़ा सा बागीचा है| उसमें अन्य वृक्षों के साथ नीबू के पेड़ लगे हुए हैं, जिनमें लगे नींबू चोरों की नजर से नहीं बच सके|