● छह साल पहले हुई थी शादी, बहन के पति से थे अवैध संबंध
● 18 फरवरी की रात को घर के अंदर हुई थी वारदात
● हत्या करने के बाद घर के पीछे खंडहर में फेंका शव
● सर्विलांस की मदद से पुलिस ने खोला हत्याकांड
● पत्नी और प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कानपुर: थाना चकेरी के सजारी गांव में हुई युवक की हत्या के राज से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। हत्या के पीछे पति पत्नी और वो की कहानी सामने आई है। पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया है।
18 को हुई थी हत्या
घटनाक्रम के मुताबिक फर्नीचर कारीगर सर्वेश की 18 फरवरी की रात को हत्या हो गई थी। उसका शव घर के पीछे बने खंडहर में पड़ा मिला था। पुलिस ने मामले की छानबीन की और पूरा राजफाश कर दिया।
यह था कारण
सजारी गांव चकेरी निवासी सर्वेश की शादी छह साल पहले मंगलाविहार निवासी सोनम के साथ हुई थी। शादी के कुछ साल बाद ही सोनम के संबंध अपनी बुआ की लड़की दीपिका के पति कमलेश यादव निवासी रानीगंज थाना काकादेव और मूल निवासी थाना महराजगंज जनपद रायबरेली से हो गए थे।
कमलेश अक्सर सर्वेश के घर आता और दोनों शराब पीते थे। अवैध संबंध की जानकारी होने पर सर्वेश इसका विरोध करता था। घटना के दिन भी कमलेश रात को घर आया तो सर्वेश विरोध करते हुए उससे लड़ गया। इस पर सोनम ने कमलेश का साथ दिया और दोनों ने मिलकर सर्वेश का गला घोंटकर मार डाला। फिर शव को घर के पीछे खंडहर में फेंक दिया।
मामले की जानकारी पर पहुंची थाना चकेरी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से घटना खोल दी। घटना के दिन सोनम और कमलेश के मोबाइल की लोकेशन घर मे ही मिली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना के समय प्रयोग हुए तीन मोबाइल भी बरामद किये हैं।