कोलकाता: देश की एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के रिजल्ट आ गए हैं। पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट पर TMC के शत्रुघ्न सिन्हा, जबकि बालीगंज विधानसभा सीट पर TMC के ही बाबुल सुप्रियो ने बड़ी जीत हासिल की है। उधर, बिहार के बोचहां विधानसभा सीट पर राजद के अमर पासवान विजयी हुए हैं। महाराष्ट्र के कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार जयश्री जाधव ने BJP के सत्यजीत कदम को करीब 19,000 वोटों से करारी शिकस्त दी। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर भी कांग्रेस की यशोदा वर्मा 20 हजार 167 वोटों से जीत गई हैं। भाजपा खाली हाथ रही।
पश्चिम बंगाल में हुए आसनसोल लोकसभा और बालीगंज विधानसभा उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने प्रचंड जीत दर्ज की है। बालीगंज विधानसभा सीट से बाबुल सुप्रियो 20 हजार 228 वोट से जीते हैं। उन्होंने BJP की केया घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की सायरा शाह को हराया। यह सीट पर पूर्व विधायक और राज्य के मंत्री रहे सुब्रत मुखर्जी के निधन के बाद खाली हुई थी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने आसनसोल संसदीय क्षेत्र और बालीगंज विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को "तृणमूल पार्टी के उम्मीदवारों को निर्णायक जनादेश देने के लिए" ट्वीट कर धन्यवाद कहा है।
TMC के उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो ने बताया, "मैं बहुत आशावादी हूं। विपक्ष की वो बातें बेकार हैं, जिसमें वे कह रहे हैं कि गलत वोटिंग हुई है। शत्रुघन सिन्हा का जीतना भी तय है।"
बालीगंज उपचुनाव सीट के TMC के उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो ने कहा,''ये TMC कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है। दीदी ने जैसे पूरी टीम को गाइड किया है इसका आभार है। आसनसोल के लोग थोड़े रूठे हुए थे और उनका रूठना जायज़ है। मुझे यकीन था कि शुत्रुघ्न जी आसनसोल में ज़रूर जीतेंगे|
सुप्रियो ने कहा,''मैं जिस पार्टी में रहता हूं, उस पार्टी के लिए जान भी देता हूं। मुझे यह साबित करने की ज़रुरत नहीं। पहले मैंने भाजपा के लिए 2 गोल किए, अब मैं TMC के लिए 10 गोल करूंगा। 20,000 ज़्यादा वोटों से मिली जीत को मैं ममता बनर्जी और TMC संगठन को समर्पित करता हूं|