लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी में बहराइच हाइवे पर भाजपा सदर विधायक योगेश वर्मा की स्कॉर्पियो ने बाइक सवार मौसेरे दो भाइयों को रौंद दिया। इससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर मौके पर गाड़ी छोड़कर भागने लगा। लेकिन लोगों ने दौड़ाकर ड्राइवर को पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले किया गया है।
दोनों भाई शादी समारोह में जा रहे थे। यह हादसा रामापुर गांव के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि ''हादसे के वक्त विधायक गाड़ी में मौजूद नहीं थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से लोगों में गुस्सा है।
लखीमपुर खीरी के ASP ने बताया,,''बहराइच हाइवे पर एक मोटर साइकिल और स्कार्पियो वाहन के टक्कराने से मोटर साइकिल पर सवार 2 लोगों की मौत हो गई। स्कार्पियो सदर के विधायक का बताया जा रहा है। स्कार्पियो वाहन के चालक और वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे़ में ले लिया है,आगे की कार्रवाई जारी है|
खीरी थाना क्षेत्र के गांव कीरतपुर निवासी रवि वर्मा (22 साल) और सुमित उर्फ विक्रम वर्मा (25 साल) रविवार की देर शाम शादी समारोह में शामिल होने के लिए रामापुर आए थे। रात में ही दोनों घर लौट रहे थे। लेकिन तभी बहराइच हाइवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र में स्कॉर्पियो ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद ड्राइवर मुनेंद्र वर्मा घबरा गया और स्कॉर्पियो को मौके पर छोड़कर भागने लगा।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। मामले की सूचना पुलिस को देते हुए ड्राइवर को दौड़ा लिया गया। सूचना पाकर रामापुर पुलिस चौकी के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।