लखनऊ : यूपी चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं और इसी के साथ बीजेपी एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है| यूपी चुनाव के नतीजे आ गए हैं लेकिन EVM को लेकर विवाद थमा नहीं है। अब सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है जिसमें ईवीएम बदलने का दावा किया जा रहा है।जिसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ईवीएम बदले जाने की चुनाव अधिकारी की ऑडियो रिकॉर्डिंग ट्वीट किया है|
EVM बदले जाने के वायरल ऑडियो पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए उस शख्स को सुरक्षा देने की मांग की है, जिसकी आवाज अब सोशल मीडिया पर वायरल है। अखिलेश ने कहा 'EVM बदले जाने को लेकर एक चुनाव अधिकारी ने किसी से बात की, जो ऑडियो रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर चल रही है, माननीय उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रपति महोदय उसका संज्ञान लें और सरकार संबंधित व्यक्ति को तुरंत संपूर्ण सुरक्षा दे। किसी एक व्यक्ति का जीवन हमारे लिए सरकार बनाने से ज्यादा अहम है।'
अखिलेश यादव ने लिखा है कि, “EVM बदले जाने को लेकर एक चुनाव अधिकारी की किसी से बात की जो ऑडियो रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर चल रही है, मा. उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रपति महोदय उसका संज्ञान लें व सरकार संबंधित व्यक्ति को तुरंत संपूर्ण सुरक्षा दे। किसी एक व्यक्ति का जीवन हमारे लिए सरकार बनाने से ज़्यादा अहम है।
उस ऑडियो में क्या है जानिए
दरअसल, पीठासीन अधिकारी के रूप में ड्यूटी करने का दावा करने वाले एक शख्स कहते सुने जा सकते हैं कि वह उस दिन गाजीपुर के कासिमाबाद में तैनात थे। दूसरा व्यक्ति पूछता है कि आपका ईवीएम बदल दिया गया तो आपको बोलना चाहिए था? इस पर वह कहते हैं, 'मैंने बोला था... पहले एसओ ने कहा... पहले एसओ ने हड़काना शुरू किया कि 2 मिनट लगेगा मास्टर साहब, नौकरी भी जाएगी और आप जाएंगे जेल।' इस पर वह मास्टर साहब कहते हैं कि हम लोगों ने इस चीज को देखा भी है। वे जो कहते हैं वो कर भी देते हैं।
वायरल ऑडियो में मास्टर साहब कहते हैं, 'अब क्या करें, थोड़ा सा... बाल बच्चे हैं। नौकरी बचाने के लिए.... गलत तो किए हैं। हम सपोर्टर नहीं हैं भाजपा के। माहौल और जनता के वोट के हिसाब से सपा ही आनी चाहिए। लेकिन अब तो मुश्किल लग रहा है.... आएगी ही नहीं। मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। आएगी ही नहीं, हर हाल में नहीं आएगी। बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।'
दूसरे शख्स की आवाज सुनाई जाती है, 'वोट जब पड़ता है तो वहां से 6 बजे के बाद ईवीएम तो सीआरपीएफ के अंडर में आ जाती है न, वहां से कैसे बदल लेंगे?' मास्टर साहब कहते हैं, 'हमीं लोगों के अंडर में आता है। हमारी बात समझिए... स्ट्रांग रूम में पहुंचेगी तब न...।'