लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानपुर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली के तालाब में गिरने से हुई दो दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं की मौत को हृदय विदारक घटना बताते हुए संतप्त परिवारीजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है।
अखिलेश यादव ने कानपुर की घटना का तत्काल संज्ञान लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को कानपुर मौके पर भेज दिया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी है।
अखिलेश यादव ने मृतक परिजनों को 50-50 लाख रुपये और घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद राज्य सरकार से देने की मांग की है।
यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में मासूमों की जान जा रही है और सरकार बेख़बर है, यह गंभीर चिंता का विषय है। भाजपा सरकार में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को एम्बूलेंस तक नहीं मिल रही है। मोटर साइकिल से घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। पूरे प्रदेश में सड़कों में गहरे गड्ढे़ बने हुए है लेकिन भाजपा सरकार गहरी नींद में सोई हुई है। यह दुःखद है कि भाजपा सरकार की नाकामियों का खामियाजा जनता भुगत रही है।
कानपुर ज़िले के घाटमपुर इलाके में उन्नाव से लौट रहे तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्राली के तालाब में पलट जाने से 26 लोगों की मौत हो गई।