लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश इन दिनों गर्मी की भीषण तपिश में झुलस रहा है। बिजली व्यवस्था बेपटरी होने से जहां गांव, कस्बों और शहरों में जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त है वहीं उद्योगधंधे भी प्रभावित हो रहे हैं। कई इलाकों में जल संकट से हालात ज्यादा बिगड़ गए हैं।
पहले से ही यह चेतावनी मौसम वैज्ञानिक दे चुके थे कि इस वर्ष गर्मी का ताप बहुत बढ़ेगा लेकिन भाजपा सरकार ने इस आपात स्थिति के समाधान पर ध्यान नहीं दिया। भाजपा सरकार और ऊर्जामंत्री जी बयानों के बल पर ही गवर्नेंस का नाटक करते रहे। बिजली-पानी संकट के समाधान पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा,'उत्तर प्रदेश के 3 करोड़ से ज्यादा विद्युत उपभोक्ताओं की मांग 6 करोड़ 60 लाख किलोवाट की है लेकिन 132 किलोवाट विद्युत सब स्टेशनों की क्षमता मात्र 5 करोड़ 21 लाख किलोवाट की है। सरकार मांग और आपूर्ति के बढ़ते अन्तर के बावजूद लापरवाह बनी हुई है। जनता को इस तरह जानबूझकर गर्मी की आग में तपने के लिए भाजपा सरकार ने छोड़ दिया है।
यादव ने कहा,''भाजपा सरकार और उत्तर प्रदेश शासन की अकर्मण्यता का हाल यह है कि गोरखपुर में ही बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता अघोषित कटौती से जूझ रहे हैं, घरों के नलों में जल नही होने के कारण कई मोहल्लों के लोग खरीद कर पानी पीने को मजबूर है। मेरठ में 200 हैण्डपम्प खराब पड़े हैं|
अखिलेश यादव ने कहा,'भाजपा सरकार की पर्याप्त और अबाध बिजली देने की थोथी घोषणाओं की पोलपट्टी खुल चुकी है। अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल है। लखनऊ में बिना सूचना बत्ती गुल होने से तमाम इलाकों में हाहाकार मचा हुआ है। कुछ इलाकों में तो कई-कई दिन तक बिजली नहीं आती है।
अखिलेश ने कहा,''भाजपा सरकार की कुनीतियों के चलते बिजली संकट तो पैदा हुआ ही है भाजपा सरकार की संकीर्ण मानसिकता और बदले की भावना के चलते प्रदेश के हालात बिगड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में बिजली उत्पादन बढ़ाने के गम्भीर प्रयास हुए थे।
सपा प्रमुख ने कहा भाजपा सरकार ने एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया है। जनता की सुख सुविधा और मनोरंजन के लिए समाजवादी सरकार ने गोमती रिवरफ्रंट बनाया था उसको भी भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है। करोड़ों का म्यूजिकल फाउण्टेन कंटेनरों से बंद पड़ा हैं। समाजवादी सरकार में जहां जगमगाता था गोमती रिवरफ्रंट अब वहां भाजपा सरकार ने अंधेरे का जाल फैला दिया हैं।