लखनऊ: समाजवादी पार्टी के 'राष्ट्रीय सम्मेलन' में अखिलेश यादव को पुनः पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। पार्टी के निर्वाचन अधिकारी प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि, "मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर अखिलेश यादव जी को विधिवत निर्वाचित करता हूँ।" इस दौरान समाजवादी पार्टी के 'राष्ट्रीय सम्मेलन' में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि,“बाबा साहेब और डॉ. राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलने वाले लोगों के साथ जुड़ कर हम लोग संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम करें। जिन शक्तियों से हमें संघर्ष करना है वो लगातार झूठ का सहारा ले रहे हैं|”
अखिलेश यादव ने कहा कि,“आज जब अध्यक्ष पद मुझे दिया है तो केवल ये पद नहीं है बल्कि बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी आप लोगों ने दी है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूँ इसके लिए मुझे अगर हर दिन लगाना पड़ेगा और हर पल इसके लिए काम करना पड़ेगा तो मैं करके इन तमाम शक्तियों से लड़ने का काम करूँगा। ”
यादव ने कहा कि,“मुझे याद है कि नेता जी हमेशा चाहते थे कि सपा राष्ट्रीय पार्टी बने। नेता जी और हम लोगों ने बहुत कोशिश की और प्रयास किया। हम सबको ये संकल्प लेना चाहिए कि अगली बार जब हम लोग मिलें तो समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बनकर आए।"
अखिलेश ने कहा,"ये समाजवादियों की कोशिश होनी चाहिए कि बाबा साहब के सिद्धांतों और राम मनोहर लोहिया जी के सिद्धांतों पर चलने वाले लोगों को साथ जोड़कर हम लोग संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम करें।"
उन्होंने कहा,“हिटलर के ज़माने के बारे में जिन्हें जानकारी होगी वो जानते होंगे कि उनकी सरकार में एक प्रोपगंडा मिनिस्टर हुआ करता था। केवल एक प्रोपगंडा मिनिस्टर था लेकिन इधर अगर हम भाजपा का काम देखेंगे तो लगता तो ऐसा है कि पूरी पार्टी झूठ और प्रोपगंडा के सहारे चल रही है।"
अखिलेश ने कहा,"आज हम माँ दुर्गा से यही मांग करें कि जो सत्ता में लोग हैं वो सच बोलने लगें और याद रखना जिस दिन ये सच बोलेंगे ये राजनीति के धरातल पर पहुंच जाएंगे। इन्हें कोई पूछने वाला नहीं मिलेगा।"
उन्होंने कहा,“जबसे नोटबंदी हुई है बताओ कितना कलाधन वापस आगया? कितना भ्रष्टाचार खत्म हो गया? खजांची को भी सरकार के लोग भूल गए। समाजवादी लोग ही हर बार 8 और 9 नवंबर को खजांची का जन्मदिन मनाते हैं।
फर्रुखाबाद में 12 जिलों की अग्निवीर की भर्ती हो रही थी, 12 जिलों से लगभग 1 लाख 13 हज़ार नौजवानों ने फॉर्म भरे थे। कितनों को भर्ती मिली है उसकी खबर आज तक नहीं मिली है। इन्होंने हमारी प्रतिष्ठित फौज को भी धोखा देने का काम किया है।
उन्होंने कहा,“जहां ये आरक्षण के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं वहीं हमारा नौजवान पढ़ा लिखा ना बन जाए उसके साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं,क्यूंकि बीजेपी के लोग जानते हैं जब पढ़े लिखे होंगे नौजवान तो वो तर्क कर सकते हैं और तर्क करेंगे तो उनकी सच्चाई सामने आ जाएगी।"
सपा अध्यक्ष ने कहा कि, "जिस समय गाज़ीपुर के उस गांव से जहाँ पर समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे शुरू होता है 'रथ यात्रा' शुरू की, पूरे दिन और रात 'रथ यात्रा' चलकर जब लखनऊ पहुंची तो आपको याद होगा कि अगले दिन ही काले कानून वापस हो गए।"
अखिलेश यादव ने कहा कि,“आंकड़े बताते हैं कि सबसे ज्यादा क़र्ज़ माफ़ किसी का हुआ है तो वो गुजरात के उद्योगपति हैं। आंकड़े ये भी सच्चाई बताते हैं कि 10 लाख करोड़ तक बैंक का क़र्ज़ किसी का माफ़ हुआ है तो वो सब गुजरात के व्यापारी, उद्योगपति हैं। किसी किसान का क़र्ज़ माफ़ नहीं हुआ।"
यादव ने कहा कि, "जबसे बीजेपी की सरकार आई है आदरणीय आज़म खां साहब पर अन्याय रुक नहीं रहा है। राजनीतिक इतिहास में कम लोग होंगे जिनपर इतने झूठे मुक़दमे लगाए गए हों और अधिकारियों को ये कहकर भेजा हो कि आपको प्रमोशन, पोस्टिंग तब मिलेगी जब आप अन्याय करेंगे।"
नरेश उत्तम पटेल फिर बने यूपी सपा के अध्यक्ष