उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने महंगाई मुक्त भारत मार्च गुरुवार को निकाला। कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा उर्फ मोना के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस कार्यालय से जैसे ही दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने निकले। पहले से मौजूद पुलिस ने मार्च निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया। पुलिस आराधाना मिश्रा मोना को हिरासत में लेकर ईको गार्डन ले गई है।
कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं। गैस की कीमतें बढ़ गई हैं। खाने पीने के सामान की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। भवन बनाने के लिए लगने वाले मैटीरियल के रेट बढ़ गए हैं।
आराधना मिश्रा मोना ने कहा,''सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई के खिलाफ पीसीसी से राजभवन तक शांतिपूर्ण ढंग से पैदल मार्च कर रहे हम सभी कांग्रेसजनों को गिरफ्तार कर लिया गया। ये दमनकारी नीतियां हमारे लोकतंत्र के लिए घातक हैं। कांग्रेस पुलिस के पहरे से डरने वाली नहीं है। हम जनता के हितों की लड़ाई लड़ेंगे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा,''भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण बढ़ी महंगाई से आम जनता की कमर टूट चुकी है। हम सभी कांग्रेसजनों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी सरकार को नागवार है,पीसीसी से राजभवन तक शांतिपूर्ण ढंग से पैदल मार्च कर रहे हम सभी कांग्रेसजनों की गिरफ़्तारी कर ली गई। कांग्रेस जन हित में लड़ती रहेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा,''महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान तानाशाह सरकार की बेलगाम पुलिस ने लाठियां भांजीं, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता शोभित अवस्थी और ज्ञानेश शुक्ला को चोट आई। सरकार को याद रखना चाहिए कि तानाशाही की उम्र छोटी और अंत बुरा होता है।