लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज उत्तर प्रदेश की पहचान बेहतर कानून व्यवस्था, शांति और स्थिरता से है। उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर की पहल के परिणाम नजर आ रहे हैं| बहुत जल्द यूपी देश के उस इकलौते राज्य के तौर पर जाना जाएगा जहां 5 अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से यूपी सीधे समुद्र के रास्ते से गुजरात से जुड़ेगा|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकॉर्ड खर्च आज सरकार कर रही है और हर वर्ष इसको हम बढ़ा रहे हैं। इसलिए आपके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के नए मौके बन रहे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा में भी निवेश के अनेक अवसर हैं| उन्होंने कहा , “ग्रीन ग्रोथ के जिस रास्ते पर भारत चल पड़ा है उसमें मैं आपको विशेष तौर पर आमंत्रित करता हूं। इस बार बजट में हमने 35,000 करोड़ रुपए सिर्फ एनर्जी ट्रांजिशन(नियोजित-ऊर्जा-संक्रमण) के लिए रखे हैं|
उन्होंने कहा , “आज यूपी एक आशा, एक उम्मीद बन चुका है। आज दुनिया के कई देशों से ज्यादा सामर्थ्य अकेले उत्तर प्रदेश में है। आज देश का हर नागरिक अधिक से अधिक विकास देखना चाहता है| आज भारत के यूथ की सोच में, भारत के समाज की सोच और आकांक्षा में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है| आज भारत सही मायने में स्पीड और स्केल की राह पर चल पड़ा है। भारत में ग्रीन ग्रोथ पर विशेष जोर देते हुए इस बजट में हाइड्रोजन इकोसिस्टम को विकसित करने के लिए प्रावधान किए गए हैं|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “एक तरफ डबल इंजन सरकार का इरादा और दूसरी तरफ संभावनाओं से भरा उत्तर प्रदेश, इससे बेहतर साझेदारी हो ही नहीं सकती। भारत की समृद्धि में दुनिया की समृद्धि निहित है| उन्होंने कहा , “भारत के मिलेट्स जिनको अब हम श्री अन्न कहते हैं, इनकी न्यूट्रिशन वैल्यू बहुत अधिक है। हमारा ये प्रयास है कि भारत का श्रीअन्न ग्लोबल न्यूट्रिशन सिक्योरिटी को ऐड्रेस करे| श्री अन्न एक सुपर फूड है। एक तरफ जहां हम किसानों को मोटे अनाज के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इसके लिए ग्लोबल मार्किट भी तैयार कर रहे हैं|