लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में मजदूर को अपनी मजदूरी मांगने की कीमत अपनी जान देकर चुकाना पड़ी है। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गौरा मजरा शंकरखेड़ा गांव में ट्रैक्टर चलाने की मजदूरी का बकाया पैसा मांगने पर युवक के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी| मोहनलालगंज पुलिस ने ट्रैक्टर चढ़ाकर युवक की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया|
कोतवाली पुलिस का कहना है कि,'' थाना मोहनलालगंज पुलिस द्वारा खेत में ट्रैक्टर चलाने की मजदूरी का बकाया पैसा मांगने पर खेत में युवक के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर देने वाले अभियुक्त शैलेन्द्र उर्फ नालिंद उर्फ मोछई पुत्र शीतल को गिरफ्तार किया गया, घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को बरामद किया गया। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र गौरा मजरा भाटनखेड़ा गांव निवासी शैलेन्द्र उर्फ नालिंद उर्फ मोछई को गिरफ्तार किया गया है।
27 जुलाई, 2022 की रात करीब 8.42 बजे रामनाथ पुत्र खुशीराम निवासी ग्राम शंकरखेड़ा मजरा गौरा के द्वारा मोहनलालगंज थाना पर दर्ज करायी गयी एफआईआर के अनुसार वादी रामनाथ का पुत्र जगदीश (उम्र करीब 35 वर्ष) शैलेन्द्र उर्फ नालिंद उर्फ मोछई उपरोक्त के यहां ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। जगदीश का कुछ मेहनताना/मजदूरी शैलेन्द्र पर बाकी था। जिसे जगदीश बार-2 शैलेन्द्र से मांगता था।
27 जुलाई को शैलेन्द्र उर्फ नालिंद, जगदीश को ट्रैक्टर पर काम करने के लिये ले गया था। काम करने के दौरान समय करीब शाम 5 बजे बकाया पैसा मांगने पर शैलेन्द्र के द्वारा जगदीश के ऊपर जान से मारने की नियत से ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया, जिससे जगदीश की मौके पर ही मृत्यु हो गयी।
पुलिस ने बताया,''28 जुलाई को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर थाना मोहनलालगंज पुलिस द्वारा अभियुक्त शैलेन्द्र उपरोक्त को एसएसबी कैम्प के सामने वाली रोड वहद ग्राम जबरौली से मय घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर के समय करीब 7.15 बजे सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त को नियमानुसार जेल भेजा गया|