लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कोरोना का संक्रमण बेकाबू हो गया है| उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमितों से जुड़े आंकड़े भयावह होते जा रहे हैं| प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय के कुछ अधिकारी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने भी खुद को क्वारटाइन कर लिया है। धर्मगुरुओं के साथ बातचीत के दौरान योगी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा,''मेरे कार्यालय के कुछ अधिकारी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। यह अधिकारी मेरे संपर्क में रहे हैं, अतः मैंने एहतियातन अपने को आइसोलेट कर लिया है एवं सभी कार्य वर्चुअली प्रारम्भ कर रहा हूं|
वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए धर्मगुरुओं के साथ बातचीत के दौरान CM योगी आदित्यनाथ ने कहा,'हमें बहुत सतर्कता की ज़रूरत है। आज से नवरात्र और कल से रमज़ान शुरू हो रहे हैं। मेरा सभी धर्मगुरुओं से निवदेन है कि श्रदालुओं से आवेदन करें कि कोविड दिशानिर्देशों का सख़्ती से पालन करें|
CM योगी आदित्यनाथ ने कहा,'' बीते एक वर्ष से अधिक समय में कोरोना की रोकथाम में उत्तर प्रदेश अच्छा उदाहरण पेश करने में सफल हुआ है| प्रदेश के प्रत्येक तबके ने जाति, मत, मजहब से ऊपर उठकर राज्य और केंद्र सरकार द्वारा कोविड-19 की रोकथाम के लिए बनाए गए नियमों का पालन किया है और बचाव को प्राथमिकता दी है| कोरोना महामारी से बचाव का सबसे अच्छा उपाय है कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की गाइडलाइन का अक्षरश: स्वयं पालन करें और अपने अनुयायियों व भक्तों को भी इन गाइडलाइन का पालन करने के लिए प्रेरित करें|
उन्होंने कहा,'''कोरोना की पहली लहर पर हमने काबू पाया और आंकड़े दहाई में लेकर आ गए थे लेकिन अब यह दोबारा तीव्र गति से बढ़ रहा है। कोरोना की पहली लहर की तुलना में दूसरी लहर खतरनाक रूप में आई है। ऐसे में मेरी आप सभी से अपील है कि बचाव ही कोरोना का सर्वोत्तम उपाय है| अभी हम लॉकडाउन की ओर नहीं जा रहे हैं। अभी हमने नाइट कर्फ्यू लगाया है। लॉकडाउन की तरफ जाने की आवश्यकता भी नहीं होनी चाहिए क्योंकि हमें मानवता के जीवन को भी बचाना है और उनकी जीविका को भी बचाना है| जीवन और जीविका को बचाने के इस क्रम में जो सबसे अच्छे विकल्प हो सकते हैं उन्हीं में UP Govt ने यह व्यवस्था तैयार की है|
उन्होंने कहा,''पहली लहर की तुलना में कोरोना की दूसरी लहर बेहद तीव्र है। यही वजह है कि मृत्यु दर भी इस बार पहले की तुलना में अधिक है। खास तौर पर जहां घनी आबादी है, वहां कोरोना वायरस से बचाव को लेकर अधिक सतर्कता की आवश्यकता है| उन्होंने कहा,'''आप सभी से आग्रह है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। राज्य और केंद्र सरकार मिलकर कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं| ऐसे में यदि कोई अफवाह फैलाने का प्रयास कर रहा है, तो उसकी बातों में आए बिना राज्य की व्यवस्था के साथ जुड़कर अपना योगदान देंगे, तो मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि पिछली बार की तरह इस बार भी हम आपको कोरोना का प्रबंधन देने में सफल होंगे|