लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संरक्षक एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना यादव का निधन हो गया है| मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना यादव का शनिवार दोपहर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया है| वह फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थीं| साधना पिछले 4 दिनों से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थीं|
समाजवादी पार्टी ने साधना की निधन की पुष्टि की है| समाजवादी पार्टी ने कहा, समाजवादी पार्टी के संरक्षक आदरणीय नेता जी श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना यादव जी का आज शनिवार को गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया है।
पार्टी ने कहा,'श्रीमती साधना यादव पिछले कई दिनों से बीमार थीं। उनका इलाज मेदांता हॉस्पिटल में चल रहा था। उनका निधन दुःखद है। उनके निधन पर समाजवादी पार्टी गहरा शोक प्रकट करती है। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
बता दें कि साधना गुप्ता पहले लखनऊ के मेदांता अस्पताल में थी लेकिन जब उनकी हालत खराब होने लगी तो उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए गुड़गांव लाया गया था| वह पिछले 4 दिनों से मेदांता अस्पताल में भर्ती थीं|
बता दें कि साल 2003 में मुलायम सिंह की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का निधन हो गया था| जिसके कुछ दिन बाद सपा नेता ने खुद से 20 साल छोटी साधना गुप्ता को दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था|
साधना गुप्ता के बेटे का नाम प्रतीक यादव है और उनकी बहू अपर्णा यादव हैं| अपर्णा यादव बीजेपी नेत्री हैं| यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले ही अपर्णा यादव ने सपा को छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था| वहीं, सपा सुप्रीमो अखिलेश की साधना यादव सौतेली मां हैं|