लखनऊ: लखनऊ में बीवी का गुलाम कहने व गाली – गलौज करने पर ट्रक ड्राइवर ने अपने दोस्त की हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से भाग गया था।थाना सरोजनीनगर पुलिस ने उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र निवासी आरोपी रामचन्द्र पुत्र स्व बाबूलाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रामचन्द्र ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल लकड़ी की सवा मीटर लम्बी बल्ली बरामद।
थाना सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में बीती रात रामचन्द्र ने प्रतापगढ़ के थाना जेठवारा क्षेत्र के पूरे गौतम गांव निवासी मानसिंह (करीब 52 वर्ष) पुत्र स्व0 चन्द्रपाल की लकड़ी की बल्ली से मारकर हत्या कर दी| इस संबंध में थाना स्थानीय पर केस दर्ज कर अभियुक्त की पतारसी सुरागरसी करते हुये आज हत्यारोपी ट्रक ड्राइवर रामचन्द्र पुत्र स्व0 बाबूलाल को मुखबिर खास की सूचना पर कानपुर की तरफ से ट्रक सं0- यू0पी0 77 एन0 9532 से आते हुये दरोगाखेड़ा तिराहे पर बैरियर लगाकर ट्रक को रोककर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में ट्रक ड्राइवर रामचन्द्र ने बताया कि ,''बीती रात को मेरे परिचित मानसिंह जो मेरे साथी ट्रक चालक हैं| अपने भतीजे के गृह प्रवेश कार्यक्रम में कैलाश बिहार गिन्दनखेड़ा आये थे। कार्यक्रम स्थल पर मैंने व मानसिंह ने साथ ही में शराब आदि का सेवन व खाना - पीना किया था| फिर हम लोग सोने के लिये कैलाश बिहार रोड पर खाली पड़े प्लाट के सामने खड़े ट्रक में सोने के लिये चले गये थे।
मानसिंह ने ज्यादा शराब पी रखी थी, जिससे बातों – बातों में मानसिंह मुझसे भिड़ गये और गाली – गलौज करने लगे। इस पर मैं ट्रक से नीचे उतर गया तो मानसिंह भी ट्रक से नीचे आ गये और अत्यधिक गाली-गलौज करने लगे। फिर उत्तेजनावश मैंने पास ही में पड़ी लकड़ी की बल्ली को उठाकर मानसिंह के सिर पर जोर से मार दिया, जिससे जख्मी होकर मानसिंह वहीं गिर पड़े। जिससे डरकर मैं बल्ली फेंककर मौके से फरार हो गया और मानसिंह के चप्पल और अंगोछा मेरे ट्रक में ही पड़े रह गये थे। आज मैं देर रात लखनऊ से भागना चाह रहा था कि आप लोगों ने मुझे पकड़ लिया।