मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ के पास दौराला रेलवे स्टेशन पर आज सहारनपुर से दिल्ली जा रही एक ट्रेन के इंजन और दो डिब्बों में आग लग गई। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल बताया जा रहा है कि ट्रेन के ब्रेक जाम होने के चलते यह हादसा हुआ। आग की तेज लपटों से ट्रेन के इंजन सहित दो डिब्बे जलकर राख हो गए।
ये ट्रेन सहारनपुर से दिल्ली आ रही थी, ट्रेन में जब आग लगी तो सबसे पहले इंजन और दो डिब्बों को अलग किया गया| यात्रियों ने बाकी डिब्बों को इंजन और दो डिब्बों से अलग करने के प्रयास में ट्रेन को धक्का देकर अलग कर दिया| जिसेस ट्रेन के बाकी डिब्बे आग की चपेट में आने से बच गए| ट्रेन दरौला स्टेशन पर सुबह 7.10 बजे पहुंची थी|
जानकारी के अनुसार ट्रेन जैसे ही दौराला स्टेशन पर पहुंची उसके इंजन में नीचे से तेज आग लग गई। इंजन के पास के डिब्बों में सवार यात्रियों को पैर के नीचे से धुआं और चिंगारी निकलती दिखी तो वे शोर मचाते हुए नीचे उतरकर प्लेटफार्म पर दौड़ पड़े। उन्होंने अन्य यात्रियों और ड्राइवर को आगाह किया। ट्रेन में आग की सूचना मिलते ही पीछे के डिब्बों में सवार यात्रियों के बीच भी हड़कंप मच गया। वे आनन-फानन में ट्रेन से उतर गए और दूसरे यात्रियों को बताने के लिए शोर मचाते हुए प्लेटफार्म पर दौड़ने लगे।
उधर, देखते ही देखते इंजन में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग पीछे के डिब्बों में फैलने लगी। रेलवे प्रशासन जब तक दमकल गाड़ियां मंगा पाता तब तक इंजन सहित दो डिब्बे आग की चपेट में आ चुके थे। आग इतनी तेज थी कि थोड़ी ही देर में दोनों डिब्बे जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों से आग बुझाने की कोशिश की जाने लगी। इस बीच कुछ यात्रियों की मदद से ट्रेन के अन्य डिब्बों को काटकर अलग किया गया।
मामले में मेरठ के DRM डिंपी गर्ग ने बताया,''ये ट्रेन सहारनपुर से आ रही थी, ट्रेन में जब आग लगी तो सबसे पहले कोच को अलग किया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जांच के लिए SEG कमिटी गठित की गई है|