मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के नौचंदी थाना इलाके के शास्त्री नगर में रविवार देर रात घर में घुसकर एक महिला और बच्ची की हत्या कर दी गई| सोमवार सुबह जब काम करने वाली घर पर पहुंची तो मामले की जानकारी हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि ऐसी आशंका जताई जा रही है कि हत्या की वारदात को अंजाम किसी जान पहचान वाले ने दिया है। | पुलिस को घर में जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले।
नौचंदी थाना इलाके के शास्त्री नगर में डी-ब्लॉक में रिटायर्ड हेड कांस्टेबल की 65 वर्षीय पत्नी कौशल सिरोही और उनकी 12 साल की नातिन तमन्ना की गला काट कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनके गले पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। कमरों में सामान बिखरा हुआ था। पीछे के गेट से घुसकर हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर आईजी भी मौके पर पहुंचे हैं। परिजनों में कोहराम मचा है। रिटायर्ड हेड कांस्टेबल रतन सिंह की हाल ही में मौत हो गई है। इस मकान में कौशल सिरोही अपनी 12 साल की नातिन तमन्ना के साथ रह रही थीं। जबकि बेटी और दामाद मेरठ में दूसरे मकान में रहते हैं। IG रेंज प्रवीण कुमार और SSP रोहित सिंह सजवाण भी मौके पर पहुंचे थे। घटना के खुलासे के लिए अलग अलग टीमें लगाई गईं हैं।
पुलिस ने कहा,"आज सोमवार 8 अगस्त 2022 को थाना नौचंदी क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई कि एक घर में 60 वर्षीय महिला कौशल चौधरी और उसकी धेवती तमन्ना उम्र 12 वर्ष मृत पाए गए हैं। दोनों की धारदार हथियार से हत्या की गई है। मृतका और उसकी धेवती अलग रहती थी, जबकि मृतका की बेटी व दामाद अलग थाना क्षेत्र में निवास करते है, मृतका की बेटी की दूसरी शादी है| घर में कुछ सामान बिखरा हुआ पड़ा है, किंतु कोई बलपूर्वक प्रवेश करने के निशान नहीं पाए गए है।
पुलिस ने कहा,"दोनों शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है, फॉरेंसिक व फील्ड यूनिट द्वारा गहनता से सीन ऑफ क्राइम की जांच की जा रही है। मृतका की बेटी से तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है, आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चैक कराए जा रहे हैं । कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
हत्यारों को मिले सख्त सज़ा
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया,'' भाजपा राज में एक और डबल मर्डर! मेरठ में भाजपा सांसद और राज्य मंत्री के आवास से चंद क़दम की दूरी पर हुए नानी और नातिन के दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर प्रदेश में हाशिए पर जा चुके लॉ एंड आर्डर को बेपर्दा कर दिया है। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना। हत्यारों को मिले सख्त सज़ा।