मिर्जापुर: आयुष प्रवेश घोटाले की जांच कर रही उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने बुधवार तड़के आयुष घोटाला मामले में संतुष्टि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज मिर्जापुर की निदेशक डॉ रितु गर्ग को गिरफ्तार कर 13 मार्च तक के लिए जेल भेज दिया है. डॉ ऋतु गर्ग के खिलाफ बिना NEET परीक्षा के छात्रों को कॉलेज में प्रवेश दिलाने का आरोप है.
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बताया,''संतुष्टि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मिर्जापुर की डायरेक्टर डॉ. ऋतु गर्ग के खिलाफ आयुष घोटाला मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनको गिरफ़्तार कर जेल भेजा गया है. एसटीएफ ने कहा कि मिर्जापुर में संतुष्टि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की निदेशक डॉ रितु गर्ग को गिरफ्तार कर 13 मार्च तक जेल भेज दिया गया है।
गर्ग को पूर्व आयुर्वेद निदेशक एसएन सिंह और काउंसिलिंग प्रभारी उमाकांत यादव की मिलीभगत से नीट मेरिट सूची में फर्जीवाड़ा कर अयोग्य उम्मीदवारों को प्रवेश दिलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
आयुष घोटाला मामले में, नवंबर 2022 में, केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा राज्य के सरकारी और निजी आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथी कॉलेजों में स्नातक छात्रों के प्रवेश में विसंगतियों को चिह्नित किया गया था। जांच से पता चला कि 932 छात्रों को योग्यता के प्राकृतिक क्रम का पालन किए बिना प्रवेश दिया गया था।
एसटीएफ ने पहले ही संतुष्टि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूर्व डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. एसएन सिंह एवं काउंसिलिंग प्रभारी उमाकांत यादव के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. इन दोनों को नवंबर 2022 में ही निलंबित कर दिया गया था।
इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले साल नवंबर में राज्य में वर्ष 2021 में आयुष कॉलेजों में दाखिले में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने की सिफारिश केंद्र से की थी. यह सिफारिश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर की गई थी।
वहीँ, डॉ रितु गर्ग की गिरफ्तारी के बाद समाजवादी पार्टी ने सरकार पर हमला बोला है| समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा, " आयुष घोटाले में STF ने डॉ ऋतु गर्ग को गिरफ्तार करके जेल भेजा है इसी भ्रष्ट और अपराधी ऋतु गर्ग के ऊपर अभी तक CM योगी जी समेत डिप्टी CM और अन्य भाजपा नेताओं का वरदहस्त था| इस गिरफ्तार अपराधी से पूछा जाना चाहिए कि इसने घोटाले की रकम किस किस मठाधीश और भाजपा नेता तक पहुंचाई है?
भाजपा नेताओं की साझेदारी भ्रष्ट ,गुंडे ,माफिया और घोटालेबाजों के साथ रहती है, जब घोटाले की आंच तेज होती है और बात बढ़ती है तो CM योगी जी समेत अन्य भाजपा नेता अपना दामन बचाने के लिए कार्यवाही करते/कराते हैं और अपराधियों को संरक्षण देने वाले बातों को ढकने का प्रयास करते हैं|
समाजवादी पार्टी ने कहा,''तस्वीरों के आधार पर अखिलेश जी की छवि खराब करने की सुपारी लेकर BJP दफ्तर की स्क्रिप्ट पर काम करने वाली मीडिया अब इन तस्वीरों पर CM योगीजी से कब जवाब मांगेगी और कब 1-1 घंटे की प्राइम टाइम डिबेट करेगी ? आखिर कब योगीजी/राज्यपाल से सवाल होगा कि अपराधियों से आपका क्या रिश्ता नाता है ?