मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के सिविल लाइंस इलाके में एक सिलेंडर के फटने से 7 लोग घायल हो गए। रविवार दोपहर एक शराब गोदाम में आग लग गई ।शराब दुकान के सेल्समैन ने आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तभी तेज ब्लास्ट के साथ सिलेंडर फट गया। सिलेंडर ब्लास्ट से पूरा इलाका सहम गया। घटना में सेल्समैन समेत 6 -7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 3 की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना सिविल लाइंस में कांठ रोड स्थित प्रेम नगर कालोनी की है। यहां एक शराब दुकान से सटा हुआ शराब की दुकान का गोदाम है। जिसमें पुराने खाली गत्ते और कुछ शराब रखी थी। रविवार को दोपहर करीब 12:30 बजे कैंटीन में रखी गैस पर दूध गर्म करने गया। इसके बाद वह दुकान पर आकर बैठ गया। इससे कैंटीन में रखे गत्तों में आग लग गई। मौके पर जाकर देखा तो कैंटीन को आग ने चारों तरफ से घेर लिया था।
शोर मचाने पर आसपास दुकानों पर मौजूद लोग भी मौके पर पहुंचे। सभी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कैंटीन में रखा सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इससे अफरातफरी मच गई। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रवींद्र प्रताप सिंह ने दमकल कर्मियों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं घायलों को लदावली निवासी सेल्समैन अनिल कुमार, कमल सिंह, दानिश, बृजपाल, आकाश और पड़ोस में पेंट की दुकान करने वाले मोहित कुमार को कॉसमॉस अस्पताल भिजवाया। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
ASP ने बताया, "कुछ लोग गैस में दूध उबाल रहे थे। इस बीच आग लगी और सिलेंडर के पास रखे गत्ते तक आग पहुंच गई, जिसके बाद सिलेंडर में धमाका हुआ, 6 लोग झुलस गए। घायलों को अस्पताल भेजा है।"
शराब दुकान के सेल्समैन अंकुर (35 साल) निवासी कोराला मंडी धनौरा (अमरोहा) ने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। अंकुर ने बताया कि गोदाम के गत्तों में आग लगी थी। इसी गोदाम में स्टाफ के चाय व खाना बनाने के लिए एक गैस सिलेंडर भी रखा रहता है। अंकुर ने बताया कि वह और आसपास के लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। तभी अचानक गोदाम में रखा सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।
शराब की दुकान के पास ही कैंटीन चलाने वाला ब्रजपाल (38 साल) निवासी प्रेम नगर भी गोदाम में आग बुझाने पहुंचा था, लेकिन सिलेंडर ब्लास्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। भटावली निवासी अनिल (40 साल) हादसे के समय वहां से गुजर रहा था। गोदाम से उठती लपटें देख आग बुझाने लगा, वह भी सिलेंडर ब्लास्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसा है।
मोरा की मिलक निवासी आकाश (20 साल), सेल्समैन अंकुर (35 साल), मोरा की मिलक निवासी नाजिम (30 साल) भी गंभीर रूप से झुलसे हैं। भोजपुर निवासी दानिश (22 साल) की पास में ही बेल्डिंग की दुकान है। वह भी आग बुझाने पहुंचा था और सिलेंडर ब्लास्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सभी घायलों को आनन फानन में नजदीक में स्थित कॉसमॉस अस्पताल में ले जाया गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।