हाथरस: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए हो रहे मतदान के बीच हाथरस जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा ( BJYM ) के जिला महामंत्री कृष्णा यादव की गोली लगने से मौत हो गई। युवा भाजपा नेता के गोली लगने से मौत होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बीजेपी नेता को किसी ने गोली मारी है या उन्होंने आत्महत्या की है? पुलिस से गुत्थी सुलझाने में लगी है।
हाथरस SP के विनीत जायसवाल ने बताया,'कृष्णा यादव को उनके घर में संदिग्ध हालत में गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। उनके परिज़नों द्वारा उन्हें अलीगढ़ ट्रामा सेंटर ले जाया जा रहा था, इस दौरान रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। मामले में जांच जारी है|
विनीत जायसवाल ने बताया,''''हाथरस के थाना सिकंदराराऊ में एक युवक को उसके घर में गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली, उसे परिजनों द्वारा तत्काल अलीगढ़ के ट्रामा सेंटर ले जाने की बात संज्ञान में आई। पुलिस को कमरे से एक तमंचा और खाली खोखा बरामद हुआ है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है|
कृष्णा यादव अपने घर की पहली मंजिल पर घायल अवस्था में मिले थे। परिजन ने उन्हें अलीगढ़ ट्रामा सेंटर ले जाया जा रहा था, इस दौरान रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। उनके सिर में गोली लगी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री कृष्णा यादव को किसी ने गोली मारी है या फिर उन्होंने आत्महत्या की है।
पुलिस ने बताया,' आज दिनांक 20.02.2022 को समय करीब 14:30 बजे थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सिकन्द्राराऊ क्षेत्र के मोहल्ला गौसगंज निवासी एक व्यक्ति कृष्णा पुत्र रामभरोसे (उम्र करीब 28 वर्ष) को घर के भीतर गोली लगी है , जिसको परिजनों द्वारा उपचार हेतु ट्रामा सेंटर अलीगढ़ ले गये है।
सूचना पर तत्काल क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ व अन्य उच्चाधिकारी गण व प्रभारी निरीक्षक थाना सिकन्द्राराऊ द्वारा मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुँचकर घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना के बारे में जानकारी की गई। पुलिस को युवक के घर की पहली मंजिल के कमरे में खून के निशान, देशी पिस्टल , खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा बरामद देशी पिस्टल व खोखा कारतूस को परीक्षण हेतु कब्जे में ले लिया गया है । पुलिस द्वारा जांच कर अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।