मुंबई: कोरोना संकट के बीच CBSE की 12वीं परीक्षा रद्द होने के बाद कई राज्य सरकारों ने भी अपने-अपने यहां परीक्षाएं रद्द करने का ऐलान किया है. CBSE के बाद हरियाणा, गुजरात, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में भी 12वीं की परीक्षा रद्द कर दी गई है| इसके बाद यूपी, महाराष्ट्र समेत कई और राज्य भी जल्द ही परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला ले सकते हैं|
महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि,''हमने बच्चों की सुरक्षा के लिए 12वीं की बोर्ड परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया है। हमने आज आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सामने फाइल रखी है और जब उसका निर्णय आएगा तब हम आपके सामने निर्णय बता देंगे|
शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों की सेहत की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और आने वाले दो-तीन दिनों में 12वीं स्टेट बोर्ड एग्जाम पर फैसला हो जाएगा| महाराष्ट्र में CBSE 12वीं बोर्ड के 25 हजार छात्र हैं, जबकि स्टेट बोर्ड 12वीं के छात्रों की संख्या 14 लाख के आसपास है|
राज्य सरकार ने इससे पहले 10वीं बोर्ड के एग्जाम रद्द कर 10वीं के छात्रों का मूल्यांकन कर नतीजे घोषित करने का फैसला किया था जिसके नतीजे जुलाई में आएंगे| 12वीं स्टेट बोर्ड एग्जाम के लिए भी राज्य सरकार इसी तरह के प्रस्ताव के बारे में सोच रही है|