मुंबई: सलमान खान धमकी पत्र मामले में मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने मामले के सिलसिले में महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल से मुलाकात की। पुलिस के अनुसार, धमकी भरा पत्र भेजने से पहले रेकी की गई थी और इसमें बिश्नोई गिरोह शामिल हो सकता है| महाराष्ट्र गृह विभाग ने यह जानकारी दी है|
अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को 5 जून को एक धमकी भरा पत्र मिला था। मुंबई पुलिस को 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की कुल 10 टीमें मामले की जांच में शामिल हैं|
अभिनेता सलमान खान को मिले धमकी भरे पत्र पर मुंबई सीपी संजय पांडे ने 6 जून को कहा था कि,''मुंबई पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। हम उन्हें मिले पत्र और पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। जरूरत पड़ी तो हम उनकी सुरक्षा बढ़ाएंगे|
गौर हो कि,'' रविवार को मुंबई में बांद्रा बैंडस्टैंड सैरगाह के पास सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को धमकी देने वाला एक अहस्ताक्षरित पत्र मिला था। इस पत्र में सलमान खान और सलीम खान को गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी गई है| इसमें लिखा है, "सिद्धू मूसेवाला जैसा कर दूंगा| बहुत जल्द तुम्हारा हाल भी वैसा होगा"| गौरतलब है कि हाल ही में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम मीडिया में तेजी से आया था|
काला हिरण मामले के बाद लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी| बिश्नोई समाज में हिरण को बहुत ही पवित्र मानते हैं, इसलिए जब काला हिरण मामले में सलमान का नाम सामने आया था तो गैंगस्टर ने उन्हें मारने की धमकी दी थी|