मुंबई : ट्रांसफर पोस्टिंग मामले में मुंबई साइबर पुलिस की एक टीम महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस का 2 घंटे तक बयान दर्ज कर उनके आवास से रवाना हुई । फडणवीस ने कहा,''मुंबई पुलिस की एक टीम ने ट्रांसफर पोस्टिंग मामले में मेरा बयान दर्ज किया है, मैंने सभी सवालों के जवाब दिए। महाराष्ट्र सरकार पिछले 6 महीने से इस मामले को दबाकर बैठी थी। मैं इस मामले का व्हिसलब्लोअर हूं|
बताते चलें कि ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़ा यह एक साल पुराना है| मार्च 2021 में फडणवीस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के गृह विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग में घोटाले को लेकर आवाज उठाई थी| वह इस मामले में केंद्रीय गृह सचिव से मिले थे और इसके सबूत उन्हें सौंपे थे| इसके बाद मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ सीक्रेट एक्ट के उल्लंघन करने को लेकर मामला दर्ज किया था|
इस मामले में सितंबर 2021 में फडणवीस को मुंबई पुलिस की सायबर यूनिट ने दो से तीन दफा नोटिस जारी किया था। नोटिस के जवाब में फडणवीस ने एक बंद लिफाफे में साइबर यूनिट को जवाब भेजा कि जल्द ही इस बारे में वह जवाब देंगे।
फडणवीस ने नहीं दर्ज कराया था बयान
इसके बाद भी साइबर यूनिट के भेजे गए नोटिस के मुताबिक फडणवीस ने अपना जवाब दर्ज नहीं करवाया। इसके चलते अब साइबर यूनिट सीधे फडणवीस के सरकारी बंगले सागर पर ट्रांसफर पुलिस मामले में कानूनी तौर पर उनका बयान दर्ज कर रही है। फिलहाल इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। इस मामले में अब तक महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख और मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह से पुछताछ की जा चुकी है।