मुंबई: मुंबई में शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा ,''किरीट सोमैया INS विक्रांत मामले में आरोपी हैं। उन्होंने देश और जनता को गुमराह किया है। अगर जनता ने ऐसे लोगों के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है तो भाजपा को इससे दुख नहीं होना चाहिए। ऐसे लोगों को महाराष्ट्र की जनता माफ नहीं करेगी|
बता दें, मुंबई पुलिस ने विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत को बचाने के लिए एकत्रित की गई 57 करोड़ रुपये से अधिक की निधि में अनियमितता को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता किरीट सोमैया और उनके बेटे नील के खिलाफ धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज किया गया है| उपनगर मनखुर्द में ट्रॉम्बे पुलिस थाने में बुधवार शाम (6 अप्रैल 2022) को सेना के 53 वर्षीय पुलिस कर्मी की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था|
सोमैया पर केस दर्ज होने के बाद संजय राउत ने कहा था कि सोमैया महाराष्ट्रद्रोही तो है ही, अब देशद्रोही भी साबित हो गए। आईएनएस विक्रांत के नाम पर करोड़ों रुपये जमाकर देश व जनता को ठगने वाले सोमैया बाप-बेटे को जेल जाना होगा। राष्ट्रीय भावना की कालाबाजारी करने वाली भाजपा से जवाब मांगना चाहिए।
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था,''INS विक्रांत का घोटाला छोटा घोटाला नहीं है। किरीट सोमैया, उनके बेटे नील सोमैया और उनकी माफिया टोली इस तरह से पैसा जमा करते हैं। बड़ा सवाल है कि दोनों ठग कहां हैं? मुझे डर है कि कहीं यह विदेश न भाग जाएं क्योंकि मेहुल चोकसी और किरीट सोमैया का पुराना रिश्ता है|