हरदोई: यूपी के हरदोई जिले में प्रेमिका की शादी तय हो जाने से नाराज युवक ने उसकी हत्या कर खुद को गोली मारकर जान दे दी। शनिवार दोपहर को दोनों के शव बिलग्राम की पुरानी सीएचसी के खंडहर में पड़े मिले। दोनों के पेट में गोली के निशान हैं। शव के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। दोनों के शव एक दरी पर पड़े थे। युवक हिंदू है और युवती मुस्लिम है।
मृतका के पिता ने युवक के विरुद्ध बेटी की हत्या कर खुद जान देने का मामला दर्ज कराया है। लड़की के पिता जाकिर ने पुलिस को तहरीर दी है कि उनकी बेटी को फोन करके बुलाया गया और फिर आरोपी ने लड़की को गोली मार दी और फिर सुसाइड कर लिया।
उधर ,हरदोई के एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया,''बिलग्राम में पुराने अस्पताल की बिल्डिंग में लड़का और लड़की के शव मिले। दोनों के पेट में घाव है, ये संभवत: गोली की चोट है। एक तमंचा और खोखा मिला है, अभी उनकी पहचान नहीं हो पाई है। जल्दी ही पहचान करके विधिक कार्रवाई की जाएगी|
16 मई को युवती की थी शादी
बिलग्राम कस्बे के मुहल्ला मंडई निवासी श्याम राठौर बर्फ बेचता था। कस्बे के ही रफैयतगंज मुहल्ला निवासी तबस्सुम से उसकी नजदीकी थी। तबस्सुम की शादी तय हो गई थी और 16 मई को उसकी बरात आनी थी। तबस्सुम की 16 मई को मलामा के मोहम्मद फैयाज के साथ शादी होनी थी। शनिवार को तबस्सुम के पिता जाकिर और अन्य घरवाले खेत पर गए थे और वह घर पर अकेली थी। दोपहर को जब वह लौटकर आए तो उन्हें तबस्सुम नहीं मिली।
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव मिले। उसी बीच सूचना मिली कि पीपल चौराहा स्थिति बंद सीएचसी में एक युवक और युवती का शव पड़ा है। स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। युवती हिजाब पहने हुए है।
दोनों की पहचान श्यामू राठौर व तबस्सुम के रूप में हुई। उनके शव जमीन पर बिछी चादर पर पड़े थे। कुछ ही दूरी पर एक खोखा और एक तमंचा पड़ा था। तबस्सुम के पिता जाकिर ने बताया कि उसकी पुत्री से श्यामू राठौर का प्रेम प्रसंग था, लेकिन पुत्री की शादी पक्की हो गई थी। शनिवार को तबस्सुम दवा लेने गई थी। श्यामू राठौर ने फोन कर उसे सीएचसी के खंडहर में बुलाया और वहीं पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में साफ हो गया है कि श्यामू राठौर ने ही तबस्सुम की हत्या कर खुद जान दी है।