नोएडा: गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा के थाना सेक्टर-63 में घर में घुसकर महिला नीलम शुक्ला की हत्या करने वाले आरोपी आनंद को पुलिस ने गिरफ्तार किया| आरोपी आनंद के कब्जे से घटना से सम्बन्धित लूट का मोबाइल फोन, कानो के कुंडल, घटना के वक्त पहने हुये रक्तरंजित कपड़े व अवैध हथियार बरामद किया गया है| आरोपी आनंद कासगंज जिले का रहने वाला है|
गुरुवार (1 सितंबर 2022 को) को छजारसी कॉलोनी थाना सेक्टर-63, नोएडा के रहने वाले अवधेश शुक्ला पुत्र स्व. रामयज्ञ शुक्ला द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर उसकी पत्नी नीलम शुक्ला की हत्या कर दी थी और कान के कुंडल, मोबाइल फोन आदि लेकर भाग निकला था| इस संबंध में थाना सेक्टर-63 में आईपीसी धारा 302/394 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था, जिसमें कार्यवाही करते हुए थाना सेक्टर-63 पुलिस द्वारा सेक्टर-62 गोल चक्कर से अभियुक्त आनंद कुमार पुत्र विनोद सिंह को गिरफ्तार किया गया|
नोएडा सेंट्रल के ADCP साद मियां खान ने बताया कि ,'1 सितंबर को थाना सेक्टर-63 पर एक अभियोग पंजीकृत हुआ जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक महिला की हत्या की गई थी। ,''मामले में एक व्यक्ति का नाम सामने आया, पूछताछ में व्यक्ति ने बताया कि उसने किराए पर कमरा लेने के बहाने घर में प्रवेश करके लूट का प्रयास किया| जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी। अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है|