नोएडा: नोएडा सेक्टर 39ए में स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल के लॉस्ट लेमन्स बार में हुए विवाद में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान बिहार के छपरा जिले के ग्राम हसनपुर निवासी बृजेश के रूप में हुई थी। अधिकारी के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है। गार्डन गैलेरिया मॉल के लॉस्ट लेमन नाम के बार में पार्टी के दौरान सोमवार को यह घटना हुई।
गार्डन गैलेरिया हत्याकांड में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ़्तार किया है। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज़ कर ली गई है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी देते हुए कहा कि सिर पर चोट लगने और स्प्लीन फटने से युवक की जान गई थी|
पुलिस के अनुसार नोएडा के गार्डन्स गैलेरिया मॉल में लॉस्ट लेमन्स रेस्ट्रो-बार में बृजेश राय सोमवार शाम को अपने सहयोगियों के साथ पार्टी करने गए थे| जहां बिल को लेकर उनका स्थानीय कर्मचारियों से झगड़ा हो गया| दरअसल बिल लगभग 7,400 रुपये का था, जिसमें राय और उनके सहयोगियों ने सेवाओं के लिए कुछ अतिरिक्त राशि वसूलने पर आपत्ति जताई थी| इस आपर्ति को लेकर विवाद हो गया और बात लड़ाई तक पहुंच गई| पुलिस के मुताबिक लड़ाई के दौरान बृजेश राय को काफी चोट आई थी|
गार्डन गैलेरिया मॉल में एक व्यक्ति की मौत मामले पर नोएडा ADCP रणविजय सिंह ने कहा,''गार्डन गैलेरिया मॉल के बार में एक व्यक्ति के साथ मॉल और बार के स्टाफ ने मारपीट की थी। मामले में 9 लोग शामिल थे जिसमें से 8 लोगों की पहचान हो गई है, 7 लोग गिरफ़्तार हुए हैं, 1 व्यक्ति फरार है| इस मामले में 1 व्यक्ति की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जारी है|
मृतक की पत्नी पूजा राय ने बताया,''घटना रात 11 बजे हुई, लेकिन मुझे सुबह 3 बजे सूचित किया गया। मेरे पति को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया। उनके दोस्त, बार मालिक और कर्मचारी सभी इस हत्या में शामिल हैं। मैं उनके दोस्तों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करती हूं|
बिहार के रहने वाले बृजेश राय नोएडा के सेक्टर 76 में अपनी पत्नी और पांच और तीन साल के दो बच्चों के साथ रहते थे| उनकी पत्नी एक स्कूल टीचर हैं| पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है| नोएडा पुलिस ने गार्डन गैलेरिया में लॉस्ट लेमन्स बार का लाइसेंस रद्द करने के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजा है|