नुआपाड़ा: ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में छत्तीसगढ़-ओडिशा की सीमा पर पर CRPF की रोड ओपनिंग पार्टी पर नक्सली हमला किया गया है| इस नक्सली हमले में सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद हो गए| जबकि दो दर्जन से अधिक घायल बताये जा रहे है| CRPF की रोड ओपनिंग पार्टी( ROP) ड्यूटी पर निकली हुई थी। उसी दौरान उन पर हमला हो गया। यह हमला आज दोपहर करीब 2.30 बजे हुआ है|
ओडिशा पुलिस ने बताया,''ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में नक्सली हमले में सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद हो गए| शहीद सीआरपीएफ जवानों की पहचान सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) शिशु पाल सिंह, एएसआई शिव लाल और कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के नुवापाड़ा जिले में CRPF 19 बटालियन के जवान रोड ओपनिंग ड्यूटी पर निकले थे। जिले के भैंंसादानी थाना क्षेत्र के बड़ापारा के जंगल के पास CRPF काफिले पर नक्सलियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इसी फायरिंग में एएसआई-शिशुपाल सिंह, एएसआई-शिवलाल और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र कुमार सिंह शहीद हो गए हैं। शिशुपाल सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले थे। शिवलाल महेंद्रगढ़ और धर्मेंद्र सिंह रोहतास के रहने वाले थे।
सीआरपीएफ ने कहा कि ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में आज एक माओवादी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवान शहीद हो गए। वे रोड ओपनिंग पार्टी के हिस्सा थे|
ओडिशा सरकार ने प्रत्येक शहीद के परिवार को 20-20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। डीजीपी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि माओवादियों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में अभियान जारी रहेगा|
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है| प्रियंका गांधी ने कहा कि,''ओडिशा नुआपाडा में नक्सल आतंकी हमले में हमारे जवानों के शहीद होने का दुखद समाचार मिला। देश शहीदों का हमेशा ऋणी रहेगा। शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें और घायल जवानों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। जय हिंद।
कांग्रेस MLA सुमित हृदयेश ने लिखा,''ओडिशा नुआपाडा में नक्सल आतंकी हमले में 3 वीर जवानों के शहीद तथा कई जवानों के घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं परमपिता परमेश्वर से घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शहीद जवानों की दिवगंत आत्माओं को शान्ति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करे।