28 मई 2025 को चरकैला समिति, कुदराहा ब्लॉक के लिए भेजी गई 500 बोरी यूरिया खाद पर समिति के सचिव और कालाबाजारी करने वालों ने मिलकर डाका डाल दिया। किसानों की मेहनत और हक को चंद पैसों के लिए ताक पर रखते हुए, पूरी ट्रक लदी यूरिया को कालाबाजारी के हवाले कर दिया गया।
*प्राइवेट दुकान पर उतरी सरकारी खाद, वीडियो ने खोली पोल*
सनसनीखेज खुलासा तब हुआ जब यूपी बड़ौदा बैंक, कुदरहा के सामने एक प्राइवेट दुकान पर सरकारी यूरिया खाद उतारने का वीडियो सामने आया। इस वीडियो ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। सूत्रों के मुताबिक, जिले के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से यह कालाबाजारी का खेल खेला जा रहा है।
*किसान बेबस, अधिकारी मौन!*
सवाल उठता है कि आखिर जिले के अधिकारी क्यों नहीं चाहते कि किसानों तक सस्ती और सुरक्षित खाद पहुंचे? समिति के सचिव और कालाबाजारियों की इस सांठगांठ ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेती के लिए जरूरी यूरिया अब कालाबाजारी के चंगुल में है, और किसान खाली हाथ सड़कों पर ठगा-सा खड़ा है।
*मांग: सख्त कार्रवाई और पारदर्शिता*
किसानों का साफ कहना है कि इस घोटाले की उच्चस्तरीय जांच हो, दोषियों को बेनकाब किया जाए, और भविष्य में ऐसी लूट को रोका जाए।
*"किसान का हक कोई नहीं छीन सकता!"*
यह सिर्फ खाद की चोरी नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत और विश्वास पर डाका है। जिला प्रशासन से मांग है कि तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों को सजा दी जाए और किसानों को उनका हक दिलाया जाए।
Powered by Froala Editor