चंडीगढ़/पंचकुला: हरियाणा में पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर आज रविवार को बवाल हो गया। हरियाणा के पंचकुला में मुख्यमंत्री आवास के बाहर पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर प्रदर्शन कर रहे सरकारी कर्माचारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने उनपर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। 20 हजार सरकारी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर चंडीगढ़-पंचकूला बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जिसके बाद हालात तनाव होते चले गए, प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने शांत करने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी और पुलिस आमने-सामने आ गए, जिसके बाद स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले दागे।
वॉटर कैनन और आंसू गैल के गोले दागने के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, जिसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। बता दें कि रविवार को हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के सरकारी आवास के घेराव का ऐलान किया था। जिसके मद्देनजर पंचकूला और चंडीगढ़ पुलिस ने सीमाओं को पहले से ही सील कर दिया था।
OPS की मांग को लेकर रविवार को प्रदेशभर के करीब 20 हजार कर्मचारियों ने पंचकूला से चंडीगढ़ कूच किया। चंडीगढ़ पुलिस ने इन कर्मचारियों को बॉर्डर पर रोक लिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर झड़प हुई। हालांकि रविवार शाम को कर्मचारियों को CM मनोहर लाल से बातचीत का न्यौता मिल गया।
हरियाणा CM के OSD भूपेश्वर दयाल ने आज शाम को कहा कि “यह पुराना राष्ट्रीय स्तर का मामला है। हमने सरकारी कर्मचारियों को मिलने का आश्वासन दिया है। कल हरियाणा सत्र समाप्त होते ही 30 मिनट के भीतर CM, मंत्रिमंडल के कुछ मंत्री और अधिकारी इनके साथ बैठक करेंगे। अभी के लिए प्रदर्शनकारी वापस आ गए हैं|
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि ,“पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। आज हरियाणा में कर्मचारी पुरानी पेंशन की मांग को लेकर एकजुट हुए तो BJP सरकार ने उन पर लाठियां चलवाई, आंसू गैस के गोले दागे और वॉटर कैनन से प्रहार किया। शर्मनाक!
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि ,“
• राजस्थान में पुरानी पेंशन
• छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन
• हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन
कांग्रेस लगातार अलग-अलग राज्यों में पुरानी पेंशन लागू कर रही है। अब हरियाणा की बारी है। कांग्रेस का वादा है कि हरियाणा में सरकार बनते ही पुरानी पेंशन लागू की जाएगी।
कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज, आंसू गैस व वाटर केनन का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण: दीपेंद्र
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ,“ पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों का अधिकार है, ये कोई भीख नहीं है। अपने अधिकार की मांग के लिए पंचकुला में जुटे कर्मचारियों पर BJP-JJP की पुलिस द्वारा लाठीचार्ज, आंसू गैस व वाटर केनन का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
हरियाणा कांग्रेस ने ट्वीट किया कि ,“कर्मचारियों के समर्थन में आगे आए भूपेंद्र सिंह हुड्डा
कहा- पुरानी पेंशन स्कीम की मांग पूरी तरह जायज
कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करना निंदनीय लाठी और गोलियों से नहीं चल सकती सरकार
कर्मचारियों को उनका अधिकार दे BJP-JJP
कांग्रेस विधानसभा में उठाएंगी पुरानी पेंशन स्कीम का मुद्दा
प्रजातंत्र “लठतंत्र” से नहीं चलता, लोगों के प्रति जबाबदेही से चलता है: सुरजेवाला
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि ,“हरियाणा के कर्मचारियों पर वाटर कैनन व अश्रुगैस छोड़ कर, उनकी बात सुनने की बजाय पुलिस का दमन चक्र चला एक बार फिर खट्टर-दुष्यंत चौटाला की जोड़ी का अहंकार जगज़ाहिर है। प्रजातंत्र “लठतंत्र” से नहीं चलता, लोगों के प्रति जबाबदेही से चलता है। खट्टर सरकार का अहंकार टूटेगा। विदाई तय है।
सुरजेवाला ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि ,“खट्टर सरकार अब “ख़तरनाक सरकार” बन गई है। खट्टर-दुष्यंत चौटाला की जोड़ी कर्मचारी हो या किसान, सबके लिए “हानिकारक” है।
आज कर्मचारियों पर बरसती लाठियों को देख कर याद आया
दम है कितना लाठियों में तेरी,
देखा है और देखेंगे !