पटना: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि जदयू की उलटी गिनती शुरू हो गई है। सुशील कुमार मोदी ने कहा, ‘‘अवध बिहारी चौधरी के स्पीकर बनने के बाद 45 विधायकों वाले जद-यू की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
सुशील मोदी ने कहा, ‘‘लालू प्रसाद जब चाहेंगे, नीतीश कुमार को हटा कर बेटे को मुख्यमंत्री बनवा देंगे। जिस दल को 115 विधायकों का समर्थन प्राप्त है और स्पीकर उसी दल के हैं, वह कभी भी बाजी पलट सकता है।
गौरतलब है कि,बिहार में नई सरकार के गठन के बाद आज शुक्रवार को विधानसभा में नए स्पीकर का निर्वाचन हो गया है| विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष के रूप में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी के नाम पर मुहर लगाई गई है| बता दें कि गुरुवार को केवल उन्होंने ही एकमात्र नामांकन किया था| उनके नामांकन के बाद किसी अन्य उम्मीदवार ने अपना नामांकन नहीं किया|
बिहार में जदयू के एनडीए से बाहर होकर महागठबंधन के साथ चले जाने के बाद भाजपा सत्ता से बाहर हो गई। सात दलों के सहयोग से महागठबंधन की सरकार बन जाने के बाद विपक्ष में सिर्फ भाजपा बच गई है। यही कारण है कि भाजपा अब अपने पुराने साथी चिराग पासवान को साथ लाने की जुगत में है।