पटना: बिहार के कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह उर्फ कार्तिक मास्टर अपहरण के आरोपों का सामना कर रहे हैं और उनके खिलाफ जिला अदालत ने वारंट जारी किया है, कार्तिकेय सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी होने से राजनीति गर्मा गई है। वहीं , मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले पर कुछ भी ज्यादा बोलने से इनकार कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीशकुमार ने कहा कि उन्हें कानूनी स्थिति की जानकारी नहीं है। दरअसल,'बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और BJP सांसद सुशील मोदी ने महागठबंधन सरकार के नए मंत्री कार्तिकेय सिंह से जुड़े मामले को लेकर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है|
BJP सांसद सुशील मोदी ने कहा,''राज्य के क़ानून मंत्री (कार्तिकेय सिंह) पर 2014 में अपहरण का मामला दर्ज़ है जिसको उन्होंने अपने हलफनामे में भी स्वीकार किया है उसी मामले में इनको 16 अगस्त को आत्मसमर्पण करना था लेकिन वे शपथ लेने चले गए। यह सब मुख्यमंत्री की जानकारी में था| बिहार सरकार में मंत्री RJD नेता कार्तिकेय सिंह को अदालत ने 12 अगस्त को एक आदेश में 1 सितंबर तक अंतरिम सुरक्षा प्रदान की थी।
बिहार में क़ानून मंत्री कार्तिकेय सिंह को लेकर जारी वारंट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा,''मुझे इस बारे में कुछ भी जानकारी नहीं है|
वहीं, भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा,''हम उम्मीद करते हैं कि पटना उच्च न्यायालय इस पर गंभीरता से ध्यान देगा। नीतीश कुमार जी कुछ तो हिम्मत दिखाइए। मैं अपेक्षा करता हूं कि कार्तिकेय सिंह को बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए|
केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने कहा,''मैं बिहार से हूं और जो हो रहा है उससे मैं शर्मिंदा हूं। जंगलराज शुरू हो गया है। कानून मंत्री खुद फरार है, वो भी अपहरण के मामले में। आपने कैसे आदमी को कानून मंत्री बना दिया जो अनंत सिंह का दाहिना हाथ है| अनंत सिंह एक दुर्दांत अपराधी है और मुख्यमंत्री को ये सब नहीं पता है। ये विश्वास करने वाली बात है? कार्तिकेय सिंह को बर्खास्त किया जाना चाहिए|
ऐसी कोई बात नहीं: कार्तिकेय सिंह
भाजपा द्वारा कार्तिकेय सिंह को बर्खास्त करने की मांग पर बिहार के कानून मंत्री और राजद नेता कार्तिकेय सिंह ने कहा,''हलफनामा सभी मंत्री, विधायक सब देते हैं, इसमें ऐसी कोई बात नहीं है|
कार्तिकेय सिंह के वकील मधुसूदन शर्मा ने कहा,''जिस मुकदमे के बारे में कहा जा रहा है कि अपहरण के मामले में कार्तिकेय सिंह फरार चल रहे हैं, वो बिल्कुल बेबुनियाद है। उस मुकदमें के FIR में वे अभियुक्त नहीं हैं। उनके खिलाफ कोई भी सबूत नहीं मिला है, पुलिस ने उन्हे निर्दोष बताया है|
क्या है मामला?
पटना जिले के बिहटा इलाके में हुए राजू बिल्डर अपहरण कांड में कानून मंत्री कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिके सिंह आरोपी हैं। इनके खिलाफ बिहटा थाना कांड संख्या 859/2014 दर्ज है। कार्तिकेय पर कोर्ट से अरेस्ट वारंट जारी हुआ है। इन्हें 16 अगस्त को कोर्ट में पेश होना था जबकि ये मंत्री पद की शपथ ले रहे थे। इसी अपहरण कांड में पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह भी आरोपी हैं।