उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में उज्जैन-नागदा रेलवे लाइन पर बुधवार ,17 अगस्त, 2022 को पिता और उसकी तीन बेटियों के शव मिले हैं। चारों की ट्रेन से कटकर मौत हुई है, आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की शिनाख्त रवि पांचाल (35), उसकी बेटी अनामिका (12), आराध्या (8) और अनुष्का (7) के रूप में हुई है।
परिवार गोयला बुजुर्ग (उज्जैन) का रहने वाला है। बताया जा रहा है रवि, बेटियों को स्कूल ले जाने के लिए घर से निकला था। घटनास्थल नई खेड़ी से रवि का गांव गोयला बुजुर्ग 12 किलोमीटर दूर है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है| शुरुआती छानबीन के बाद पारिवारिक कलह के कारण सामूहिक आत्महत्या की बात सामने आ रही है| हालांकि पुलिस अधिकारियों को कहना है कि जांच हो जाने तक कुछ भी साफ तौर पर नहीं कहा जा सकता है|
पुलिस के अनुसार,'' रवि पिता तोलाराम निवासी गोयला बुजुर्ग अपनी तीने बेटियों के साथ बुधवार सुबह करीब मोटरसाइकिल से नई खेड़ी रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। यहां उसने बाइक खड़ी की और कुछ दूरी पर पटरी के समीप गया। इसी दौरान उज्जैन की ओर से आ रही मालगाड़ी के सामने अपनी बेटियों के साथ कूद गया। घटनास्थल पर ही सबकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे। खबरों के मुताबिक,''पुलिस को घटनास्थल पर सुसाइड नोट मिला है। इसमें रवि ने एक महिला पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। महिला उसे बदनाम करने की धमकी दे रही थी।