प्रयागराज: प्रयागराज जनपद में कत्ल का सिलसिला थम ही नहीं रहा है। आलम यह है कि रोज एक या दो लोगों को मारा जा रहा है। गुरुवार दोपहर को भी नैनी थानाक्षेत्र के मलहरा रेलवे क्रासिंग के पास बाइक सवार बरमाशों ने बेटी को स्कूल लेने जा रहे बाइक सवार 40 वर्षीय ठेकेदार बृजेश सिंह के सिर में गोली मारकर उड़ा दिया। घटनास्थल पर बृजेश की मौत हो गई। सरेराह हत्या की वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाश फिल्मी स्टाइल में तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। मौके से पुलिस को 5 कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं।
गुरुवार को नैनी थाना क्षेत्र के मलहरा रेलवे क्रासिंग पर बाइक सवार बदमाशों ने चाका गांव निवासी बृजेश सिंह को गोलियों ने भून दिया। बृजेश अपनी बेटी प्रिया को स्कूल से लेने जा रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने बृजेश सिंह के शरीर में ताबड़तोड़ 5 गोलियां उतार दीं और मौके से फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। बृजेश की हत्या की खबर गांव में पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।
प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक बृजेश सिंह को हमलावर किसी भी हाल में जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे। यही कारण है कि एक के बाद एक कुल पांच गोलियां बदमाशों ने बृजेश सिंह के शरीर में उतार दीं। वह मौके पर ही ढेर हो गए और खून से लथपथ शरीर उनका सड़क पर पड़ा रहा। दिनदहाड़े हत्या की खबर मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गया। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।
परिवार के लोगो से बातचीत में पता चला है कि सुरेश के पिता सुरेश सिंह उर्फ बच्चन ठाकुर भाजपा नेता थे। उनका निधन हो चुका है। बृजेश उनके दो बेटों में बड़ा था। मृतक ब्रजेश सिंह के पास नैनी और छिवकी रेलवे स्टेशनों पर वेंडर का ठेका है। उसके पास 3 टैक्सियां भी हैं। पुलिस का कहना है कि पता किया जा रहा है कि किन लोगों ने और क्यों यह कत्ल किया।
प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार का कहना है कि मौके पर पुलिस की डॉग स्क्वायड टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट मौजूद हैं। ग्रामीणों से बातचीत चल रही है। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या किसने और क्यों की इसका पता लगाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आई है कि बृजेश सिंह का किसी दीपू शर्मा नाम के युवक से विवाद चल रहा है। उसेी से पुरानी रंजिश भी है। दीपू शर्मा की भूमिका की जांच की जा रही है। उसे हिरासत में लेने के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। जल्द की उससे पूछताछ कर घटना का खुलासा किया जाएगा
घर से निकल युवक का शव मिला, कत्ल का आरोप लगाकर परिवार का हंगामा
उधर, नवाबगंज इलाके के रामपुर गांव के 28 वर्षीय नीरज मिश्रा का रेलवे ट्रैक पर सुबह शव मिलने पर परिवार के लोग आक्रोशित होकर शव के पास धरने पर बैठ गए। कत्ल का आरोप लगाते हुए वे एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। घटनास्थल पर सीओ सोरांव कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर परिवार के लोगों से बात कर रहे हैं। नीरज के पिता शिवमूरत मिश्रा का निधन हो चुका है। घटना पर अभी रहस्य बना हुआ है।