रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के बछरावां थाना क्षेत्र क्षेत्र में बुधवार को नदी में युवक का शव मिलने पर हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है,''नशे का आदी था युवक| शराब के नशे की हालात मे युवक नहर में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई|
मृतक युवक की पहचान कृष्ण कुमार (42) पुत्र नन्हा निवासी ग्राम प्रतापखेड़ा थाना बछरावां के रूप में हुई है| गांव में बुधवार शाम अवैध शराब पीने के बाद नशे में वह बेसुध हो गया। इसी दौरान माइनर में गिरने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि,'' 07 सितंबर 2022 को समय करीब 4:00 बजे थाना बछरावां पर सूचना प्राप्त हुई कि कृष्ण कुमार पुत्र नन्हा निवासी ग्राम प्रतापखेड़ा थाना बछरावां रायबरेली (उम्र करीब 42 वर्ष) नशे की हालत में फिसलकर नहर पुलिया से पानी में गिर गया है, जिसकी पानी में डूब जाने से मृत्यु हो गई है।
इस सूचना पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक बछरावां द्वारा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।
मृतक के भाई मिठू लाल उपरोक्त द्वारा दी गई लिखित सूचना के आधार पर थाना स्थानीय पर मृत्यु संबंधी सूचना पंजीकृत करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह संज्ञान में आया है कि मृतक कृष्ण कुमार शराब पीने का आदी था।