रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वें पूर्ण सत्र राष्ट्रीय महाअधिवेशन के तीसरे और आखिरी दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भाषण दिया| महाअधिवेशन कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा,''मैं 1977 में 6 साल का था। मुझे चुनाव के बारे में नहीं पता था। मैंने मां से पूछा कि क्या हुआ? मां ने कहा कि हम घर छोड़ रहे। तब तक मुझे लगता था कि वह हमारा घर है... मैं इस बात पर हैरान था। 52 साल हो गए, मेरे पास घर नहीं है|
राहुल गांधी ने कहा,'' मैं छोटा था, 1977 की बात है। मुझे चुनाव के बारे में नहीं पता था...। घर में अजीब सा माहौल था। मैंने मां से पूछा मम्मी क्या हुआ। मां कहती हैं कि हम घर छोड़ रहे हैं। मैंने मां से पूछा हम घर क्यों छोड़ रहे हैं। पहली बार मां ने मुझे बताया कि ये हमारा घर नहीं है। ये सरकार का घर है। अब हमें यहां से जाना है। मैंने पूछा कहां जाना है तो कहती हैं कि नहीं मालूम कहां जाना है।..... 52 साल हो गए मेरे पास घर नहीं है। हमारे पास जो घर है, वह इलाहाबाद में है। वह भी अब हमारा नहीं है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि उनका असली घर देश के लोग हैं। देश ही “घर” है। यही सत्य है।
भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा,''मैं सोचता था कि फिट हूं, 20-25 KM चल लूंगा। लेकिन यात्रा शुरू होते ही घुटने का पुराना दर्द लौट आया और 10-15 दिनों में मेरा अहंकार खत्म हो गया। भारत माता ने मुझे संदेश दिया- तुम अगर कन्याकुमारी से कश्मीर तक चलने निकले हो तो दिल से अहंकार मिटाओ, वर्ना मत चलो।