रामपुर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी आज रामपुर जिले में पहुंचीं। यहां कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने रोड शो और डोर टू डोर कैंपेन किया। उन्होंने कहा, "जनता को गरीबी, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, बेरोजगारी, महंगाई के मुद्दों पर वोट देना चाहिए। जनता को उनको वोट देना चाहिए जो उनकी समस्याओं को सुलझाने का काम कर रहे हैं।"
रामपुर में डोर टू डोर कैंपेन के दौरान हाथीखाना चौराहे पर स्तिथ पंचर की दुकान में प्रियंका गांधी जाकर बैठ गईं। उन्होंने टायर पंक्चर रिपेयर शॉप के मालिक से करीब 5 मिनट बातचीत की। प्रियंका गांधी ने उनके काम के बारे में और कारोबार कैसा चल रहा है, इस बारे में जाना। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मोटर मैकेनिक को यूपी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के घोषणापत्र के बारे में बताया
प्रियंका गांधी इसके बाद नूर महल पहुंचीं और पूर्व सांसद बेगम नूर बानो सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेसियों से मुलाकात की। इस दौरान भारी भीड़ का हुजूम उन्हें देखने के लिए लालायित रहा। प्रियंका गांधी आज शहर विधानसभा में डोर-टू-डोर प्रचार कर रही हैं। इसके बाद वह बिलासपुर विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगी।
रामपुर में रोड शो के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा "बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराध, और गरीबी के मुद्दों पर वोट करें। सोचें और वोट करें। अपना वोट किसी ऐसे व्यक्ति को दें जो इन मुद्दों को हल करने के लिए काम कर रहा है।"