सांबा:जम्मू-कश्मीर के सांबा ज़िले में शनिवार सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया, यहाँ एक दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई | सांबा ज़िले के मानसर इलाके के पास इनोवा गाड़ी गहरी खाई में गिरने से 5 लोगों की मौत हुई और 1 व्यक्ति घायल हुआ। घायल व्यक्ति को पास ही के अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
SHO ने बताया, "आज सुबह एक इनोवा गाड़ी के सड़क से नीचे खाई में गिरने से 5 लोगों की मौत हुई और एक व्यक्ति घायल हुआ है जिसे अस्पताल पहुंचाया गया है, जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, इनोवा गाड़ी के ड्राइवर ने जमोड़ इलाके में एक मोड़ पर नियंत्रण खो दिया और कार एक गहरी खाई में जा गिरी| गाड़ी में 6 लोग सवार थे| वहीं मार्ग से गुजर रहे लोगों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह खाई में गिरी कार से सभी लोगों को निकालकर मुख्य सड़क तक लाए और पुलिस को भी सूचना दे दी| अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है और घायल को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है|
मृतकों की पहचान गुलजार अहमद भट (71), उनकी पत्नी जैना बेगम (65), उनके बेटे इकबाल अहमद भट (25) और बेटी मसरत जान (21) के रूप में हुई है| चालक की पहचान अनंतनाग निवासी साकिब के रूप में हुई है| एक पुलिस अधिकारी ने हालांकि कहा कि सभी की पहचान का पता लगा लिया गया है| उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है|