शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल में कोयला खदान में दम घुटने से 4 लोगों की मृत्यु हुई। चारों लोग SECL की बंद पड़ी कोयला खदान में कबाड़ चोरी करने घुसे थे। हादसे के बाद मृतकों के शवों को मेडिकल कॉलेज शहडोल भेज दिया गया है। ये सभी मृतक शहडोल जिले के धनपुरी थाना एरिया के रहने वाले थे। यह घटना गुरुवार रात (27 जनवरी 2023) की है।
शहडोल के धनपुरी स्थित एसईसीएल की कोयला खदान में 4 लोग लोहे का सामान चोरी करने की नियत से घुसे थे. एक युवक (कबाड़ी चिद्दा उर्फ सिद्धार्थ महतो) खदान के बाहर खड़ा था, इसलिए वह बच गया। युवक की सूचना पर पुलिस पहुंची और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शव खदान से निकाले।
खदान में जान गंवाने वालों की पहचान हजारी कोल (30) पिता कल्लू कोल निवासी दफई, वार्ड चार, कपिल विस्कर्म (21) पिता सुखराम निवासी वार्ड-उन्नीस, राज महतो (20) पिता गणेश महतो निवासी वार्ड-16 और राहुल कोल (23) पिता हीरालाल निवासी वार्ड-16 के रूप में हुई है।
SP कुमार प्रतीक ने बताया, "ये चारों वहां पुरानी बंद पड़ी माइन में लोहे के सामान की चोरी करने के मकसद से घुसे थे। प्रथम दृष्टया जानकारी आई है कि गैस रिसाव होने के कारण उनकी मृत्यु हुई है।"