सनातन संस्कृति और धर्मग्रंथों की मूल भावनाओं को सिनेमा के माध्यम से जीवंत करने की एक अनोखी पहल शाहजहांपुर से शुरू हुई है। जंबोरी टॉकीज प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बन रही फिल्म 'श्री' का शुभ मुहूर्त उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधिवत रूप से किया।
इस अवसर पर सुरेश खन्ना ने कहा, “सनातन धर्म अनंत है, इसमें सभी को समाहित करने की शक्ति है।" उन्होंने फिल्म के संवाद भी कैमरे पर बोलकर टीम का उत्साहवर्धन किया।
फिल्म की निर्देशक अनुगा खंडेलवाल और क्रिएटिव डायरेक्टर सुभाष शुक्ला ने जानकारी दी कि 'श्री' की शूटिंग शाहजहांपुर और मुंबई में की जाएगी। यह फिल्म उन मुद्दों को उजागर करेगी जहां धर्मग्रंथों के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ हुई है।
लेखक दिलीप मिश्रा ने बताया कि वे वर्षों से इस विषय पर शोध और संघर्ष करते आ रहे हैं। रिसर्चर संध्या सक्सेना ने बताया कि उनका उद्देश्य आदि कवि वाल्मीकि द्वारा रचित मूल रामायण को बच्चों तक पहुंचाना है, ताकि नई पीढ़ी को शुद्ध और वास्तविक ज्ञान मिल सके।
यह फिल्म न केवल एक सांस्कृतिक दस्तावेज बनने जा रही है, बल्कि सनातन परंपरा को सही रूप में प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम भी होगी।