शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला के छराबड़ा में शनिवार सुबह सेब से लदे ट्रक के पलट जाने से एक कार में सवार तीन लोगों की मृत्यु हो गई। ट्रक के चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसे गिरफ़्तार कर लिया गया है।
ठियोग-शिमला मार्ग पर ढली थाना इलाके के छाराबड़ा के पास ग्रीन वैली में सेब से लदा एक ट्रक बेकाबू होकर कार के ऊपर पलट गया। कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
मृतकों की पहचान सूरत राम(45) पुत्र जगत राम गांव आरा टिकरी, प्रताप (71) गांव शीहरी, डाकघर करहाल और कृपाराम पुत्र मान दास गांव कुशवाहा टिकरी, तहसील चौपाल के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर दुख जताया है। जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया,''ठियोग-शिमला मार्ग पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मृत्यु वाली खबर अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति व शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें। घायलों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ईश्वर से यही प्रार्थना है।