सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी ज़िले के मोहनिया टनल के पास आज शुक्रवार की रात बड़ा हादसा हो गया| यहाँ सड़क के किनारे खड़ी 3 बसों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे 13 लोगों की मौत हो गई है, 50 घायल है। इनमें से 20 से अधिक गंभीर रूप से घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया है। बसें गृह मंत्री अमित शाह की सतना ज़िले के रैली से लौट रहे लोगों को ले जा रही थी। यह हादसा ट्रक का टायर फटने से हुआ| मोहनिया केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी जिले में हुए बस हादसे पर दुख जताया है।
यह हादसा मोहनिया टनल के पास बरखड़ा गांव के नजदीक हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क के किनारे खड़ी तीन बसों को टक्कर मार दी। दो बसें खाई में गिर गई, जबकि एक बस सड़क पर पलट कर पूरी तरह चकनाचूर हो गई। तीनों बसों से 50 से 60 सवार थे। टक्कर लगते ही दो बसें 10 फीट गहरी खाई में गिर गईं। वहीं, एक बस हाईवे पर ही पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बस के यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी।
सीधी DM ने कहा, "हादसा टायर फटने से हुआ। घायलों का इलाज जारी है।" रीवा एसपी ने कहा, "सीधी जिले में बस हादसे में 50 घायल, 15-20 लोग गंभीर रूप से घायल |
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया,''सीधी में बस पलटने से हुई दुर्घटना का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
चौहान ने एक अन्य ट्वीट में लिखा,'' सीधी जिला प्रशासन, कलेक्टर और एसपी घटनास्थल पर मौजूद हैं। रीवा कमिश्नर और आईजी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। रीवा मेडिकल कॉलेज और सीधी जिला अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं। दु:ख की इस घड़ी में मैं और प्रदेशवासी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया,सीधी (म.प्र) में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुःखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। प्रशासन द्वारा घायलों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
सीधी सड़क दुर्घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही घायलों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
....सरकारी था इसीलिए मुख्यमंत्री शिवराज दुर्घटना की जिम्मेदारी लें
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया कि मप्र के सतना में Amit Shah जी के आतिथ्य में हुए शिवराज सरकार के इवेंट से सीधी लौट रही बसों के टकराने से लोगों की मौत की दुःखद खबर है। 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। चूंकि कार्यक्रम सरकारी था इसीलिए मुख्यमंत्री जी दुर्घटना की जिम्मेदारी लें व दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करें व बस दुर्घटना में मृत हुए प्रत्येक लोगों के परिजनों को 50 लाख ₹ व घायलों के लिए 5 लाख ₹ की मुआवजा राशि की अविलंब घोषणा करें।