सीतापुर: सीतापुर में होमगार्ड का एक जवान रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर से गाली-गलौज करता एक वीडियो वायरल हुआ है। होमगार्ड को सस्पेंड कर दिया गया है। होमगार्ड कमांडेंट ने होमगार्ड को सस्पेंड करके जांच के आदेश जारी कर दिए। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित प्रधान डाकघर का है। कृष्णा नगर कॉलोनी के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर देशराज पांडेय सोमवार की दोपहर डाकघर गए थे। वह आधार कार्ड पर मोबाइल नंबर चेंज करवाने गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि वहां पर पहले से लंबी लाइन लगी थी, वह भी लाइन में लग गए। होमगार्ड प्रदीप कुमार ने शाम 4 बजे वापस आने को कहा। इसी बात को लेकर वाद-विवाद के बाद होमगार्ड ने गाली-गलौज की।
रिटायर्ड एसआई देशराज ने कहा, " मैं आधार कार्ड पर मोबाइल नंबर चेंज करवाने गया था। उन्होंने मुझे बाद में आने को कहा, क्योंकि पहले से 40 फॉर्म भरे जा चुके थे। मैंने उन्हें फॉर्म जमा करने को कहा जिसपर उन्होंने गाली-गलौज की और मुझे धक्का दिया, मैं नीचे गिर गया|
होम गार्ड जिला कमांडेंट सहायक राकेश कुमार ने कहा, " सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो प्राप्त हुआ था जिसमें यहां पर काम करने वाले होम गार्ड प्रदीप कुमार हैं। वीडियो पर संज्ञान लेते हुए तत्काल होम गार्ड को निलंबित किया गया है|