सिवान: बिहार के सिवान ज़िले में एमएलसी प्रत्याशी रईस खान के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। सोमवार को स्थानीय प्राधिकार के विधान परिषद की 24 सीटों पर चुनाव (MLC Local Bodies Election) के लिए मतदान हुआ। इसके बाद देर रात सिवान के एमएलसी के निर्दलीय उम्मीदवार रईस खान पर एके 47 से अंधाघुंध फायरिंग की गई।
इस जानलेवा हमले में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई तो चार अन्य घायल हो गए। इनमें दो रईस खान के समर्थक शामिल हैं। हमले में रइस खान बाल-बाल बच गए। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह सिवान के सिसवन के महाराणा चौक को जाम कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ये हमला सोमवार रात को उस समय हुआ, जब एमएलसी उम्मीदवार रईस खान शहर के पुरानी किला जगह से अपने कार्यालय से वापस गांव ग्यासपुर जा रहे थे। इसी दौरान AK-47 से फायरिंग की गई। हमलावरों की संख्या 4 से 5 बताई जा रही है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के महुअल गांव में सोमवार की देर रात फायरिंग में गोली लगने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिसवन गांव निवासी विनोद कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना में तैयब अली उर्फ बबलू खान और फूलन के घायल होने की सूचना है। इसमें बबलू की स्थिति नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों के भी निजी अस्पतालों में भर्ती होने की बात कही जा रही है
पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार ने बताया, "सूचना मिली कि हुसैनगंज के किसी क्षेत्र में गाड़ी से लौट रहे लोगों पर सड़क के किनारे कहीं से गोलियां चलाई गई।,''एक व्यक्ति जिसे गोली लगी है, उसे खतरे से बाहर बताया जा रहा है। एक दूसरा व्यक्ति जिसे गोली लगी है उसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच जारी है। एक व्यक्ति की मौत की भी सूचना मिली है, जो दूसरी गाड़ी से एक बारात से लौट रहा था|