तंजावुर: तमिलनाडु के तंजावुर जिले में एक मंदिर की रथयात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तमिलनाडु के तंजावुर में वार्षिक रथ उत्सव के दौरान हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से 11 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने तंजावुर में हुई घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। वे आज दोपहर तंजावुर पहुंचेंगे, जहां वे हालात का जायजा लेंगे और घायलों से मिलेंगे। हादसे पर दुख जताते हुए घटना पर तमिलनाडु विधानसभा में 2 मिनट का मौन रखा गया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई।
तंजावुर के कालीमेडु मंदिर में 94वां अप्पर गुरुपूजा उत्सव मनाया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए मंगलवार रात से ही लोगों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई थी। रथयात्रा एक मोड़ से गुजर रही थी, इस दौरान रथ पर खड़े लोग एक हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए।
9 फुट ऊंचे रथ को फूलों और लाइट्स से सजाया गया था। रथ की लाइट्स को बिजली देने के लिए एक जेनरेटर भी जुड़ा था। घायलों में जेनरेटर ऑपरेटर भी शामिल है।
तिरुचिरापल्ली के सेंट्रल जोन पुलिस महानिरीक्षक वी बालकृष्णन ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी घटना से बचने के लिए आमतौर पर मंदिर के रास्ते वाली पावर सप्लाई बंद कर दी जाती है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और घायलों के जल्द ही स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। वहीं, प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को PM नेशनल रिलीफ फंड (PMNRF) से 2-2 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने तंजावुर की घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, 'तंजावुर में एक जुलूस में बिजली का करंट लगने से बच्चों सहित कई लोगों की मौत एक त्रासदी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
पीएम मोदी बोले- गहरा दुख हुआ
इस घटना पर पीएम मोदी ने भी गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,'' तमिलनाडु के तंजावुर में हुए हादसे से गहरा दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि घायल लोग जल्द ठीक हो जाएंगे| तमिलनाडु के तंजावुर में हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे|
5-5 लाख का मुआवजा देगी राज्य सरकार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का एलान किया है। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।